(www.arya-tv.com) गोरखपुर में माफिया विनोद उपाध्याय के बाद उसके भाई संजय उपाध्याय के अवैध मकान पर भी बुलडोजर चल गया। जीडीए ने सलेमपुर मोगलहा में माफिया के भाई के मकान की पहले बाउंड्रीवाल तोड़ी। इसके बाद 2 बुलडोजर से इमारत को ढहा दिया गया। साथ ही उसके कब्जे से 4000 स्क्वायर फीट जमीन को भी खाली कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसने सरकारी जमीन पर कब्जा करके अवैध निर्माण करा रखा था। इस दौरान जीडीए टीम के अलावा एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
SP सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया, गोरखपुर का फरार माफिया विनोद उपाध्याय शासन द्वारा चिह्नित है। इस पर 32 मुकदमे हैं। इसमें से 4 हत्या और 4 गैंगस्टर के मामले हैं। रंगदारी एवं हत्या के प्रयास के मुकदमे हैं। उस पर 50 हजार का इनाम भी है, जिसे और बढ़ाया जाएगा। वहीं, उसके भाई संजय पर भी 13 मुकदमेंदर्ज हैं और उस पर भी 50 हजार रुपए का इनाम घोषित है। विनोद और उसके भाई संजय की अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
4.50 करोड़ है प्रापर्टी की कीमत
दरअसल, गुलरिहा इलाके के मोगलहा में माफिया विनोद उपाध्याय के साथ ही उसके भाई संजय उपाध्याय ने भी 5000 स्क्वायर फिट सरकारी जमीन पर 15 साल से अवैध कब्जा करके पक्का मकान निर्माण करा रखा था। जिसकी कीमत करीब 4.50 करोड़ रूपए से अधिक बताई जा रही है।
15 साल से माफिया और उसके भाई ने कर रखा है कब्जा
ये जमीन जीडीए के अंडर में आती है। जीडीए की ओर से माफिया और उसके भाई को अवैध कब्जा और अवैध निर्माण का लगातार नोटिस भेज रहा था। लेकिन, दोनों की तरफ से कोई जवाब नहीं आता था। बीते 6 जून को भी जीडीए ने प्रॉपर्टी पर नोटिस चस्पा किया था कि अगर जवाब नहीं दिया गया तो अवैध निर्माण को गिरा दिया जाएगा। साथ ही अवैध कब्जा को भी खाली कराया जाएगा।
इसके बावजूद जब माफिया की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया तो प्रशासन ने पहले यहीं पर बीते शनिवार को माफिया विनोद के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर खाली कराया। जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ रूपए है। वहीं, फिर आज उसके भाई पर ये कार्रवाई की जा रही है।