(www.arya-tv.com)देश आज विश्व के मानचित्र पर महाशक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रही है। केंद्र सरकार देश में तुष्टीकरण नहीं होने देगी। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालो की खैर नही है।
बिहार में डबल इंजन की सरकार बनेगी तो सुशासन की लहर होगी और विकास का माहौल हाेगा। देश से आतंकवाद,घुसपैठ को भागाना है तो राजग गठबंधन की सरकार बनाना होगा। ये बाते यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजेन्द्र स्टेडियम में राजग गठबंधन के भाजपा प्रत्याशी तारकिशोर प्रसाद के चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कटिहार में घुसपैठ अधिक होती है लेकिन प्रधानमंत्री ने नागरिक संशोधन कानून लगाकर इस पर भी लगाम लगा दी है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार अपने छह वर्ष के कार्यकाल में 5 करोड़ परिवारों को उज्जवला योजना के तहत गैस का वितरण, 15 करोड़ युवाओं को मुद्रा योजना के तहत ऋण दिया गया, 35 करोड़ धन जन योजना के द्वारा खाता खोला गया एवं कोरोना काल में 80 करोड़ परिवारों को मुफ्त में राशन दी गई है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार छह वर्ष में सभी तबके के लाेगों के लिए योजना बनाई है। यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राजद के गठबंधन में जो सत्ता आई वह आम लोगों को बांटने का काम किया। उनलोगों का परिवार ही पार्टी है और पार्टी ही देश है। उनलोगों की दृष्टि और कही नहीं जा सकती है। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 लाख नौकरी देने का जो जुमला चलाया है उसमें सच्चाई नहीं है उसी की सरकार में मूक जानवर का चारा खा गए और नौकरी कहा से देगें।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार को निरंतर बनाए रखे और केन्द्र एवं राज्य सरकार दोनों एक साथ चलेगी। अराजकता, अपराध,भ्रष्टाचार को दूर करेगी और केवल विकास करेगी। एनडीए को वोट करें : मुख्यमंत्री योगी ने मोदी और नीतीश के विकास कार्य पर वोट मांगने के साथ-साथ सीमांचल के नब्ज को टटोलते हुए उन्होंने घुसपैठ जैसे मुद्दे पर भी कांग्रेस और राजद को जमकर लताड़ा। उन्होंने लोगों से अपील किया है की क्षेत्र के विकास के साथ-साथ देश की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शक्ति को मुंह तोड़ जवाब के लिए भाजपा और एनडीए गठबंधन को वोट करें। इस अवसर पर पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल, जिलाध्यक्ष लक्खी महतो, महिला जिलाध्यक्ष सीमा झा, बबन झा आदि लोग मंच पर उपस्थित थे। सभा में नहीं था मीडिया प्रबंधन सभा में प्रत्याशी प्रबंधन या जिला प्रशासन के द्वारा मीडिया को समाचार कवरेज करने के लिए कोई प्रबंधन नहीं किया गया।
जिस कारण कई मीडिया कर्मी को काफी परेशानी हुई। सभा मेें सुरक्षा की दृष्टिकोण से जो डी एरिया तो बनाया गया लेकिन पत्रकार दीर्घा नहीं बनाया गया जिस कारण आम जनता के बीच जाकर समाचार संकलन करना पड़ा।