- कोविड- 19 के खिलाफ लड़ाई में आईसीआईसीआई बैंक ने यूपी सरकार के साथ एकजुटता दिखाई
(www.arya-tv.com)लखनऊःआईसीआईसीआई बैंक ने कोविड- 19 महामारी के मद्देनजर राज्य के नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति एकजुटता दिखाई है। बैंक ने इस दिशा में सरकार के अथक प्रयासों के प्रति अपना सहयोग दर्शाते हुए राज्य सरकार, अस्पतालों और पुलिस बलों को सुरक्षात्मक उपकरण प्रदान किए हैं। आईसीआईसीआई बैंक इस मोर्चे पर अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रहा है। बैंक ने लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, गोंडा, उन्नाव और प्रयागराज जैसे स्थानों पर 1.8 लाख सर्जिकल मास्क, 8,500 लीटर सेनिटाइजर, 850 से अधिक पीपीई सूट और 1,000 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर जैसे सुरक्षात्मक उपकरण प्रदान किए हैं। बैंक ने वाराणसी के जिला प्रशासन को 30 थर्मल स्कैनर भी प्रदान किए हैं। यह पहल महामारी से निपटने के काम में जुटे फ्रंट-लाइनर्स की सहायता के लिए विभिन्न सुरक्षात्मक उपकरणों के योगदान के लिए शुरू किए गए बैंक के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है।
इस पहल की जानकारी देते हुए आईसीआईसीआई बैंक के हैड-गवर्नमेंट बैंकिंग सौरभ सिंह ने कहा, देश के विकास के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं और संकट की घड़ियों में राष्ट्र के लोगों को सहायता प्रदान करना आईसीआईसीआई समूह की विरासत है। इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए हम विभिन्न राज्य सरकारों, पुलिस विभागों और स्वास्थ्य पेशेवरों के साथ एकजुट होकर कोविड- 19 महामारी के मद्देनजर देश के नागरिकों के इलाज और सुरक्षा के अथक प्रयासों में उनके साथ खड़े हैं। यूपी में विभिन्न प्राधिकरणों को हमारा समर्थन इन गतिविधियों का हिस्सा है। कोविड- 19 संदिग्धों और रोगियों का इलाज करने वाले चिकित्सक और तालाबंदी के क्रमिक कार्यान्वयन का प्रबंधन करने वाली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के सुरक्षाकर्मी इस लड़ाई की अग्रिम पंक्ति में हैं। हमने राज्य के सरकारी अस्पतालों और सुरक्षा बलों तक पहुंचने के अपने प्रयासों पर ध्यान केंद्रित किया है। आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के बावजूद हम उन्हें सेनिटाइजर्स, सर्जिकल मास्क, एन95 मास्क, दस्ताने, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण आदि प्रदान कर रहे हैं। हम थर्मल स्कैनर और नाॅन-इनवेसिव श्रेणी के वेंटिलेटर जैसे उपकरण भी प्रदान कर रहे हैं। सहारनपुर, इटावा, अयोध्या और वाराणसी के जिला स्तरीय कोविड- 19 राहत कोष खातों के लिए योगदान के डिजिटल संग्रह में भी बैंक उत्तर प्रदेश सरकार को सुविधा प्रदान कर रहा है। बैंक ने लखनऊ नगर निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण के सामुदायिक किचन के लिए अनाज का योगदान देकर समर्थन दिया है। ये किचन जरूरतमंद लोगों को भोजन प्रदान कर रहे हैं।
