- वृद्ध पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस फोर्स
- फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया मुआयना
रायबरेली। (दुर्गेश मिश्रा जिला संवाददाता) खीरों थाना क्षेत्र के सुरजीपुर-निहस्था में गांव में शनिवार की बीती रात एक युवक ने अपनी पत्नी की बांका से गला काटकर हत्या कर दी। उसके बाद खुद भी फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी सुबह सबसे पहले मृतक के पिता रामनाथ को हुई। दोनों के शव देखकर रामनाथ दंग रह गया। घर में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों का पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
आरोप है कि सुरजीपुर-निहस्था निवासी भीमराज उर्फ भीकू 32 वर्ष पुत्र रामनाथ ने शनिवार की बीती रात अपनी पत्नी सोनी देवी 28 वर्ष की घर के अंदर कमरे में दरवाजा बंद कर बांका से गला काटकर हत्या कर दी। उसके बाद भीमराज ने खुद फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर ली। सुबह मृतक का पिता खेतों से जब घर पहुंचा तो दरवाजा खटखटाने पर नहीं खुला। उसके बाद उसने छत के ऊपर चढ़कर देखा तो पुत्र व बहू दोनों के खून से लथपथ शव संदिग्ध अवस्था में पड़े थे। मृतक के पिता ने घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच किया। घटना की जानकारी पर एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे। मृतक दंपति अपने पीछे तीन बच्चे शिवम 9 वर्ष, शुभि 7 वर्ष व शिवांश 4 वर्ष को छोड़कर गए हैं। दोनों पुत्र व एक पुत्री समेत तीनों को मृतक भीमराज एक दिन पहले अपनी ससुराल के एक शादी कार्यक्रम में छोड़ आया था।
- बूढ़े पिता पर टूटा गमों का पहाड़
मृतक के पिता रामनाथ ने बताया कि उसका इकलौता पुत्र उसे छोड़कर चला गया है। भीषण दुख से उसका कलेजा फटा जा रहा है। पिता ने रोते हुए बताया कि एक दिन पहले धान बेचकर सारे पैसे उसके पुत्र ने उसे दिए थे। पता नहीं क्या कारण है कि उसने ऐसा कदम उठाया।
- बच्चों के सर से मां-बाप का साया उठा
मृतक की मां फूलमती बिलख- बिलख कर रो रही थी। मां ने रोते हुए बताया कि उसका पुत्र उसी दिन लालगंज थाना क्षेत्र के सेमरपहा स्थित ससुराल में तीनों बच्चों को छोड़कर आया था। ससुराल में 21 नवम्बर को उसके पुत्र की साली का तिलक और 26 नवम्बर को शादी का कार्यक्रम होना है। बच्चों को क्या पता था कि उनके पिता से यह उनकी आखिरी मुलाकात है।
