(www.arya-tv.com) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली के उल्लास को चटक करने के लिए तीन दिनों के लिए गोरखपुर आएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ 6 मार्च की शाम होलिका दहन शोभायात्रा और 8 मार्च को होली के दिन भगवान नरसिंह शोभायात्रा में शामिल होंगे। इन दोनों यात्राओं में होली के जश्न का रंग पूरी तरह से घुला रहेगा। दोनो ही आयोजनों से जुड़े लोग इन आयोजनों को भव्य बनाने की तैयारियों में जुटे हैं।
दो शोभा यात्राओं में शामिल होंगे सीएम
6 मार्च सोमवार की शाम 4 बजे पाण्डेय हाता चौराहे से होलिका दहन यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। श्रद्धालुओं के साथ फूलों से होली भी खेलेंगे। यात्रा में देवी-देवताओं की झांकियां और बैंड भी शामिल होंगे। उसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे।
मंगलवार को भी वे गोरखनाथ मंदिर में रहेंगे। जबकि, बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और श्री होलिकोत्सव समिति महानगर परंपरागत रूप से निकाली जाने वाली भगवान नरसिंह की शोभायात्रा में सुबह 8.30 बजे शामिल होंगे। यह यात्रा घंटाघर से निकलेगी।
सभा को भी संबोधित करेंगे योगी
अबीर-गुलाल और रंगों के बीच शोभा यात्रा को घंटाघर में सीएम योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। उसके बाद ध्वज प्रणाम और प्रार्थना होगी। संघ के प्रांत प्रचारक सुभाष जी, गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान नरसिंह की महाआरती कर शोभायात्रा के रथ पर सवार होंगे। रंग गुलाल खेलते हुए शोभा यात्रा का प्रस्थान होगा। इन दोनों ही आयोजन की पुरजोर तैयारियां शुरू की जा रही है।
एक दिन मनेगी होली और शब-ए-बारात
चूंकि एक ही दिन होली, जुमा और शब-ए-बारात है, इसे लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। डीएम कृष्णा करुणेश और SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने त्योहरों को सकुशल संपन्न कराने को लेकर एनेक्सी भवन में सद्भावना समिति की मीटिंग भी की। जिसमें हिंदू- मुस्लिम एकता समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के अलावा सिविल डिफेंस के सदस्य एवं भिन्न-भिन्न धर्म के धर्मगुरु एवं संभ्रांत व्यक्ति, राजस्व विभाग और पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी गण शामिल हुए।
मुस्तैद हुआ पुलिस और प्रशासन
डीएम और SSP ने मौजूद संभ्रांत सद्भावना समिति के सदस्यों और सिविल डिफेंस सम्मानित से सुझाव भी मांगे। अब तक मिले सुझावों पर अधिकारियों ने त्वरित निस्तारण और कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। इसके अलावा थाना स्तर पर भी लगातार पीस कमेटी की बैठकें कर त्योहरों को सकुशल निपटाने की तैयारी चल रही है।