अयोध्या के मस्जिदों और ईदगाहों में पढ़ी गई नमाज

# ## UP

(www.arya-tv.com)  अयोध्या में ईद उल अजहा का (बकरीद) का त्योहार मनाया जा रहा है। रामनगरी के मस्जिदों में सकुशल बकरीद की नमाज पढ़ी गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के मस्जिदों में बकरीद की नमाज पढ़ी गई। जिले में बकरीद पर विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। शासन की गाइड लाइन का अनुपालन करते हुए मस्जिदों और ईदगाहों में ही लोगों ने नमाज पढ़ी। जिले में कहीं भी सड़क पर नमाज पढ़ने का मामला सामने नहीं आया। शहर में ईदगाह पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। यहां पर बैरियर भी लगाए गए थे, ताकि यातायात व्यवस्था में कोई व्यवधान न उत्पन्न होने पाए। जिले की सभी मस्जिदों और ईदगाहों में अलग अलग समय पर नमाज पढ़ी गई। उसके बाद सभी ने एक दूसरे से गले मिलकर बलिदान के पर्व की बधाई दी।

फर्ज-ए-कुर्बानी का दिन

ईद उल फितर के करीब 70 दिनों के बाद यह त्योहार मनाया जा रहा है। मीठी ईद के बाद यह इस्लाम धर्म का प्रमुख त्योहार है। ईदगाह सिविल लाइन के इमाम मौलाना मुफ्ती शमशुल कमर कादरी ने कहा कि यह फर्ज-ए-कुर्बानी का दिन है। द-उल-अजहा पर नमाज अदा करने के बाद जानवरों की कुर्बानी दी जाती है। कुर्बानी के गोश्त के तीन हिस्से किए जाते हैं। एक हिस्सा गरीबों व जरूरतमंदों को, एक हिस्सा स्वजन व दोस्तों को, जबकि एक हिस्सा स्वयं के प्रयोग के लिए रखा जाता है। इस त्योहार को हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच पढ़ी गई नमाज

ईदगाह व मस्जिदों के पास पुलिस फोर्स तैनात की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ पुलिस ने यह भी सुनिश्चित कराया कि सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए। प्रतिबंधित पशुओं की बलि न होने पाए इसके लिए अतिरिक्त निगरानी की गई। रुदौली क्षेत्र के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मस्जिदों में नमाज पढ़ी गई। रुदौली ईदगाह में ईदगाह व जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष दरगाह शरीफ के सज्जादा नशीन शाह अम्मार अहमद अहमदी “नैय्यर मियां” की अध्यक्षता में ईद-उल-अजहा की नमाज पढ़ी गई।