हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने योगी को लिखा पत्र, निजी विद्यालयों की मनमानी को लेकर हस्तक्षेप करने की गुजारिश

# ## UP

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में निजी स्कूलों की मनमानी पर उच्च न्यायालय के बार एसोसिएशन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है और उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुजारिश की है। बार एसोसिएशन ने योगी को लिखे पत्र में कहा है कि प्रदेश के अधिकांश निजी विद्यालय अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रहे हैं।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुस्तकों की कीमतों को मनमाने तरीके से बढ़ाया जा रहा है और अभिभावकों को केवल निर्धारित दुकानों से ही पुस्तकें खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है। इससे प्रतिस्पर्धा समाप्त हो जाती है और अभिभावकों को अधिक कीमत चुकानी पड़ती है।

बार एसोसिएशन ने पत्र में कहा है कि कई विद्यालय हर वर्ष पुस्तकों का नया संस्करण जारी कर देते हैं, जबकि पाठ्यक्रम में कोई विशेष बदलाव नहीं होता है। केवल कुछ अध्यायों में मामूली परिवर्तन करके नई पुस्तकें अनिवार्य कर दी जाती हैं,जिससे अभिभावकों को हर साल नई किताबें खरीदनी पड़ती हैं।

बार एसोसिएशन ने इसे अभिभावकों के साथ अन्यायपूर्ण बताया है और कहा है कि अधिकांश परिवार हर वर्ष इस अतिरिक्त खर्च को वहन करने में सक्षम नहीं हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडे और महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा की ओर से यह पत्र मुख्यमंत्री को भेजा गया है।