(www.arya-tv.com)देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है। खासतौर पर कश्मीर और हिमाचल के लोग इससे काफी ज्यादा प्रभावित हैं। हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड की वापसी हो गई है।
राजस्थान में दाे दिन हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद सर्दी बढ़ गई है। सर्द हवाएं चलने से कई शहराें में पारा 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिर गया है। वहीं, मध्यप्रदेश में बर्फीली हवाओं के आने का क्रम फिर शुरू हो गया है। झारखंड और बिहार के कई जिलों में बारिश की आशंका व्यक्त की गई है। हरियाणा के हिसार में पारा 4.4 डिग्री गिर गया है।
शिमला में 24 घंटे के अंदर 22.4 इंच बर्फ गिरी, पहले कभी रिकॉर्ड नहीं हुई इतनी बर्फबारी
हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में रिकॉर्डतोड़ बर्फबारी हुई है। इससे पहले जनवरी में शिमला में बारिश भी ठीक से नहीं हुई थी, लेकिन फरवरी में 24 घंटे में 22.4 इंच बर्फबारी का रिकॉर्ड बन गया। दरअसल, शिमला में 1990 से बर्फबारी का रिकॉर्ड रखा जा रहा है। तब से एक दिन में इतनी बर्फबारी कभी नहीं हुई है। यह इस सीजन की आखिरी बर्फबारी हो सकती है।
MP के भोपाल में गिर सकता है रात का तापमान
मध्यप्रदेश में बर्फीली हवाओं के आने का क्रम फिर शुरू हो गया है। जिससे भोपाल में रात के तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट हाे सकती है। सागर, रीवा समेत पूर्वी मप्र में बारिश हाेने की भी संभावना है। इसका कारण उत्तरी राजस्थान में बने सिस्टम के उत्तर-पूर्वी मप्र में शिफ्ट होने को माना जा रहा है।
जयपुर में 5 डिग्री गिरा पारा, माउंट आबू फिर जमने लगी ओस
राजस्थान में दाे दिन हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद फिर सर्दी ने यू-टर्न ले लिया है। बीती रात सर्द हवाएं चलने से कई शहराें में रात का पारा 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिर गया। माउंट आबू में बीती रात न्यूनतम पारा सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। यहां पारा 0 डिग्री सेल्सियस था। जयपुर में तापमान 15 डिग्री से गिरकर 10 डिग्री पहुंच गया।