फरवरी के अंतिम सप्ताह में बढ़ेगी गर्मी, मौसम विभाग ने दी जानकारी

Prayagraj Zone UP

प्रयागराज(www.arya-tv.com) दिन-प्रतिदिन मौसम अब गर्म हो रहा है। फरवरी के पहले सप्ताह में हुई बूंदाबांदी से उम्मीद थी कि ठंड में दोबारा वापसी होगी। हालांकि ऐसा कुछ नजर नहीं आया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। यानी आने वाले दिन अब गर्म होते रहेंगे। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी थम जाने के कारण ठंड खात्मे की ओर रहेगी। हालांकि मंगलवार को आसमान पर हल्‍के बादल भी नजर आए।

मंगलवार की सुबह से आसमान में हल्‍के बादल नजर आ रहे हैं। वहीं सुबह हल्‍का कोहरा भी छाया रहा, जिससे ठंड का एहसास लोगों ने किया। हालांकि अभी सुबह और रात में हल्‍की ठंड का असर है। वहीं दोपहर में तो यह हाल रहता है कि पूछिए मत। दोपहर में सूर्य की तल्‍ख किरणों से गर्मी का एहसास बढ़ गया है।

सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री लुढ़ककर 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता की बात करें तो अधिकतम 89 और न्यूनतम 53 मापी गई। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक जाने के आसार हैं।