उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का कहर जारी, प्रयाग में पारा 46 के पार, जानें मानसून कब दिलाएगा राहत

# ## International

ww.aryatv.com/देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर भारतीय राज्यों में गर्मी का कहर जारी है। शुक्रवार के दिन प्रयागराज सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली से लेकर बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। दिल्ली और उत्तर भारतीय राज्यों में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। हालांकि, मध्य भारत के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। 15 जून को मानसून छह राज्यों में दस्तक दे सकता है। इससे यहां के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, अधिकतर राज्यों में मानसून दक्षिणी हिस्से में ही दस्तक दे रहा है और पूरे प्रदेश में फैलने में इसे थोड़ा समय लगेगा।

मध्य प्रदेश सहित पांच राज्यों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार 15 जून को मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में दस्तक दे सकता है। इससे इन सभी राज्यों में बारिश होने के आसार हैं और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। इन सभी राज्यों में शुक्रवार को पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा था। मध्य प्रदेश में मानसून दक्षिणी हिस्से में दस्तक दे रहा है। ऐसे में ग्वालियर जैसे शहर में अभी भी गर्मी से राहत मिलने में थोड़ा समय लग सकता है।

दिल्ली में थोड़ी राहत

राष्ट्रीय राजधानी में देर रात को हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई। यहां पहले ही बारिश होने की संभावना जताई गई थी। बारिश से ज्यादा हवाओं ने पारा कम किया। इससे दिल्लीवासियों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, आने वाले दिनों में गर्मी का कहर जारी रहेगा। दिल्ली में जून महीने के अंत तक मानसून के पहुंचने की संभावना है।