किसान बिलों का विरोध जारी:दिल्ली में ट्रैक्टर जलाने वाले 5 लोग हिरासत में, पंजाब में अमरिंदर किसानों के धरने में पहुंचे

National

(www.arya-tv.com)दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत देश के कई राज्यों में विपक्षी दल और किसान संगठनों ने खेती से जुड़े बिलों का विरोध किया। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को इंडिया गेट के पास एक ट्रैक्टर जला दिया। पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता एक ट्रक में रखकर ट्रैक्टर को लाए और फिर नीचे उतारकर उसमें आग लगा दी। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है।

राहुल बोले- किसानों की आवाज दबा दी गई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि नए कृषि बिल किसानों के लिए मौत की सजा जैसे हैं। संसद के अंदर और बाहर किसानों की आवाज दबा दी गई।

सरकार का जवाब- कांग्रेस ने पूरे देश को शर्मसार किया
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रदर्शन तो कई देखे, लेकिन इंडिया गेट पर ट्रैक्टर लाकर उसे जलाने कांग्रेस का ड्रामा है। कांग्रेस बेनकाब हो गई है। किसानों को गुमराह कर वह अपने राजनीतिक एजेंडे को भुना रही है। उसने पूरे देश को शर्मिंदा शर्मसार किया है।

सोनिया ने कांग्रेस शासित राज्यों को नया कानून बनाने का सुझाव दिया

सोनिया गांधी ने सोमवार को कांग्रेस सरकार वाले राज्यों को केंद्र के कृषि कानून के खिलाफ नया कानून बनाने की सलाह दी। कांग्रेस सरकार वाले पंजाब में इस कानून को लेकर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहा है। कांग्रेस ने सोमवार को कहा- कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों को सुझाव दिया है कि वे संविधान के आर्टिकल 254 (2) के नया कानून बनाने पर विचार कर सकते हैं। ऐसा करके राज्य सरकार केंद्र के कानून को दरकिनार करने वाला नया कानून बना सकते हैं।

अमरिंदर बोले- भाजपा पूंजीपतियों के हित देखती है
दूसरी तरफ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नवांशहर जिले में स्थित शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में चल रहे किसानों के धरने में शामिल होने पहुंच गए। उनका कहना था कि भाजपा पूंजीपतियों के हित देखती है। सारा खेल जरूरत का है। जब जरूरत होती है तो किसान याद आते हैं, नहीं तो अडाणी-अंबानी ही दिखाई देते हैं। किसानों के हितों को देखते हुए अपने राज्य के कानून में संशोधन समेत सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।