राम मंदिर में 19 को भव्य आयोजन: यूपी-उत्तराखंड से तीन हजार विशेष मेहमान, निर्माण कार्य से जुड़े 2000 वर्कर भी बनेंगे अतिथि

# ## National UP

राष्ट्रपति द्रौपदी मर्मू के द्वारा 19 मार्च को राम मंदिर के द्वितीय तल पर श्री राम महायंत्र की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम में इस बार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लोगों को शामिल किया जाएगा। वहीं एक बार फिर राम जन्मभूमि परिसर में भव्य आयोजन की तैयारी है।

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डाॅ. अनिल मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सूचीबद्ध लोगों को बुलाने की योजना है। सभी क्षेत्रों से भी नाम आ रहे हैं। ऐसे लोग, जिनकी राम जन्मभूमि आंदोलन में सक्रिय भूमिका रही है। या ऐसे लोग अभी तक प्राण प्रतिष्ठा और ध्वजारोहण के अवसर पर नहीं आ पाए हैं। उन्हें बुलाए जाने की योजना हैं, जिसमें कुल संख्या लगभग 5000 लोगों की है।

इस प्रकार की योजना चल रही है। निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसियों के अधिकारियों को कार्यक्रम में उपस्थित रहने का निमंत्रण दिया जा रहा है। इसी तरह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 3000 लोग और एलएंडटी और टाटा के साथ निर्माण कार्य से जुड़ी इकाइयों के लगभग 2000 की संख्या में लोग उपस्थित रहने वाले हैं। कार्यक्रम की दृष्टि से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया गया है।

19 मार्च के कार्यक्रम के साथ होंगे रामलला के दर्शन

19 मार्च को राम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के साथ-साथ आने वाले श्रद्धालु रामलला का दर्शन भी कर सकेंगे। ऐसी व्यवस्था श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट जिला प्रशासन के साथ तैयार कर रहा है। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा ने बताया कि जिस प्रकार से राम मंदिर में श्रद्धालुओं का दर्शन चल रहा है। उस समय भी चलता रहेगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते प्रशासन अपनी योजना बना रहा है।

परकोटा के बाहर होगा आयोजन

राम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को बैठने की विशेष सुविधा होगी। ट्रस्ट के सूत्रों की मानें तो राम मंदिर के 8 एकड़ की परिधि में बने परकोटा के बाहर उत्तरी दिशा के मैदान में अतिथियों को बैठने की व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे हिंदी नव वर्ष और चैत्र शुक्ल नवरात्र के प्रथम दिन पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालु राम मंदिर में दर्शन कर सकें। जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना भी जताई जा रही है।