युवती का आरोप, अनाथालय में हुआ दुष्कर्म

Agra Zone UP

आगरा (www.arya-tv.com) आगरा के यमुनापार क्षेत्र स्थित अनाथालय में युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया है। आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के लिए इस मामले को चिह्नित किया गया है। पुलिस जल्द ही गवाहों के बयान दर्ज कराएगी।

अनाथालय में युवती से दुष्कर्म का मामला तीन अक्तूबर, 2019 को सामने आया था। अनाथालय के पीछे यमुना किनारे युवती घायलावस्था में मिली थी। उसने छत से यमुना किनारे पर छलांग लगाई थी। एक एनजीओ की सदस्य ने उसे देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया था।

युवती ने अपने बयान में अनाथालय में ही रहने वाले एक किशोर और दो कर्मचारियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इससे परेशान होकर ही वह आत्महत्या करना चाहती थी। मामले में अनाथालय के प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। तीन आरोपियों को जेल भेजा गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया है। इसमें छह गवाह बनाए गए हैं। वादी, पीड़िता, मेडिकल कराने वाली महिला सिपाही, मेडिकल करने वाले डॉक्टर, केस के विवेचक और एफआईआर लेखक गवाह में शामिल हैं। इसके अलावा सुबूत के तौर पर युवती के बयान भी हैं।

अनाथालय किशोर न्याय अधिनियम में पंजीकृत नहीं था। प्रशासन की टीम ने जांच की थी। इसके बाद अनाथालय पर सील लगा दी गई थी। इसमें रहने वाले बच्चों को दूसरे अनाथालय में शिफ्ट कर दिया था। इसे फिर से शुरू कराने के लिए कई दिन तक धरना-प्रदर्शन किया गया लेकिन प्रशासन ने अनाथालय को नहीं खोला था।