(www.arya-tv.com)बॉम्बे हाई कोर्ट ने संजय लीला भंसाली और आलिया भट्ट को मानहानि के मुकदमे से राहत दे दी है। कोर्ट का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला है जो दर्शाता हो कि आरोप लगाने वाला गंगूबाई के परिवार का सदस्य है। इसलिए कार्यवाही रद्द करने का आवेदन स्वीकार किया गया है। आलिया भट्ट, संजय लीला भंसाली व अन्य के खिलाफ मजिस्ट्रेट द्वारा प्रक्रिया पर भी रोक लगा दी गई है। इस तरह मेकर्स को आपराधिक मानहानि मुकदमे से अंतरिम राहत दी गई।
‘वेश्या के परिवार वाले’ कहकर प्रताड़ित कर रहे हैं
एक साल पहले मुंबई की माफिया क्वीन और वहां के एक मशहूर वेश्यालय की मालकिन रही गंगूबाई काठियावाड़ी के जीवन पर बनी फिल्म को लेकर उनके दत्तक पुत्र बाबूजी रावजी शाह ने हुसैन जैदी ने संजय लीला भंसाली और आलिया भट्ट के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। शाह का आरोप था कि जबसे फिल्म के पोस्टर्स और प्रोमो आए हैं, तबसे उनके इलाके के लोग न केवल उन्हें, बल्कि उनके परिवार और रिश्तेदारों को भी ‘वेश्या के परिवार वाले’ कहकर प्रताड़ित कर रहे हैं।
पहली सुनवाई बॉम्बे सिटी सिविल कोर्ट में
मामले की पहली सुनवाई बॉम्बे सिटी सिविल कोर्ट में हो चुकी थी। कोर्ट ने हुसैन जैदी, संजय लीला भंसाली और आलिया भट्ट को 7 जनवरी 2021 तक जवाब देने का वक्त दिया था। शाह के लॉयर का कहना था कि राइटर, डायरेक्टर और एक्ट्रेस के खिलाफ एक महिला की मानहानि, उसकी गलत छवि बनाने और उसके खिलाफ अभद्र सामाग्री सर्कुलेट करने के आरोप में क्रिमिनल केस भी दर्ज हो सकता है।
अब 18 फरवरी 2022 में रिलीज होगी
गंगूबाई काठियावाड़ी की रिलीज डेट फिर एक बार आगे बढ़ा दी है। आलिया भट्ट स्टारर इस फिल्म को पहले 6 जनवरी 2022 में रिलीज किया जाने वाला था, हालांकि अब इसे फरवरी में रिलीज किया जाएगा। फिल्म को आगे बढ़ाए जाने का कारण एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर हो सकती है जो 7 जनवरी को रिलीज होने वाली है। गंगूबाई काठियावाड़ी अब 18 फरवरी 2022 में रिलीज होगी।
सेट डिजाइनिंग पर तकरीबन साढ़े छह करोड़
फिल्म की शूटिंग फिल्मसिटी में हुई जिसके लिए सेट डिजाइनिंग पर तकरीबन साढ़े छह करोड़ रूपए खर्च किए गए। हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वीन्स ऑफ मुंबई’ पर आधारित इस फिल्म में डॉन गंगूबाई की कहानी दिखाई जाएगी। गंगूबाई 60 के दशक में मुंबई माफिया का बड़ा नाम थीं। उन्हें पति ने महज पांच सौ रुपए के लिए बेच दिया था। इसके बाद से ही वे वेश्यावृत्ति में लिप्त हो गईं थीं। इस दौरान उन्होंने मजबूर लड़कियों के लिए भी बहुत काम किए।
अजय देवगन भी आलिया के अपोजिट नहीं
फिल्म में अजय देवगन का कैमियो भी देखने को मिलेगा। राइटिंग टीम से जुड़े लोगों ने बताया कि भंसाली ने फिलहाल आलिया के अपोजिट रणबीर कपूर को साइन नहीं किया है। अजय देवगन भी आलिया के अपोजिट नहीं हैं। वे उनके मेंटर के रोल में हैं।