(www.arya-tv.com)यूपी में विधानसभा निर्वाचन के बाद गुरुवार को होने वाली मतगणना के लिए सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। मतगणना के लिए प्रदेश भर में मतगणना स्थल पर 250 कंपनी केंद्रीय पुलिस बल को लगाया गया है। जिसमें 36 कंपनी ईवीएम सुरक्षा, 214 कंपनी मतगणना और कानून व्यवस्था के लिए लगाई गई है। इसके साथ ही 61 कंपनी पीएसी को भी संवेदनशीलता के हिसाब से जिलों में लगाया गया है। वहीं स्थानीय पुलिस के 625 राजपत्रित अधिकारी, 1807 निरीक्षक, 9598 उपनिरीक्षक, 11627 मुख्य आरक्षी और 48649 आरक्षी तैनात रहेंगे। मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे से प्रारम्भ होगी। मतगणना के पश्चात विजय जुलूस न निकाले जाने के संबंध में तथा संवेदनशील स्थानों पर सतर्क दृष्टि रखे जाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
विजय जुलूस नहीं निकलेगा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी स्थानीय पुलिस की नजर
लखनऊ में गुरुवार को रमाबाई अम्बेडकर मैदान में होने वाली विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना को लेकर पुलिस कमिश्नर लखनऊ डीके ठाकुर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक पुलिस प्रबंधन किए हैं। उन्होंने बताया है कि मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस उपायुक्त पूर्वी को बतौर व्यवस्था प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मतगणना स्थल स्ट्रांग रूम व उसके आसपास भारी पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। शासन के निर्देशानुसार मतगणना के बाद कोई भी विजय जुलूस नहीं निकाल सकता है। इसके लिए सभी सतर्क रहने को कहा गया है।
मतगणना के आसपास तैनात रहेंगा भारी पुलिस बल
- एडीसीपी-06
- एसीपी:-13
- एसएचओ (थाना प्रभारी) :-28
- इंस्पेक्टर:-13
- दरोगा :-223
- महिला दरोगा :-09
- सिपाही :-1096
- महिला सिपाही :-274
- पीएसी:-01 कंपनी
- सीएपीएफ :-04 कंपनी