(www.arya-tv.com) बागपत में भाजपा नेता और पूर्व राज्यमंत्री डॉक्टर आत्माराम तोमर की हत्या कर दी गई। हत्यारे पूर्व मंत्री की स्कॉर्पियो और मोबाइल लूट ले गए। डॉक्टर तोमर अपने घर में अकेले थे। यह पूरी वारदात गुरुवार की शाम की है। परिजनों को रात 12 बजे जानकारी हुई।
दरअसल, मेरठ में रहने वाला डॉक्टर बेटा काफी देर से फोन ट्राई कर रहा था, लेकिन जब नहीं उठा तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। उसने पुलिस को फोन किया। पुलिस पहुंची तो आत्माराम का शव बेड पर पड़ा मिला। सिर पर चोटों के निशान थे। गले में तौलिया पड़ी थी। आशंका है कि बदमाशों ने पहले सिर पर वार किया। इसके बाद उनकी तौलिए से गला दबाकर हत्या कर दी।
देर रात एसपी नीरज जादौन, एएसपी मनीष मिश्र, सीओ आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली, इसके बाद डॉग स्क्वाड की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह का कहना है कि बाइक सवार दो बदमाशों ने 45 मिनट के भीतर हत्या और लूटपाट को अंजाम दिया है। CCTV फुटेज में दोनों बदमाश कैद हुए हैं। फुटेज में स्कॉर्पियो लूटकर ले जाते हुए बदमाश दिख रहे हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
बेटे की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की FIR
मृतक आत्माराम के बेटे डॉ. प्रताप सिंह तोमर की तहरीर पर पुलिस ने प्रवीण पुत्र मेघराज और उसके दोस्त बलराम पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
डॉ. प्रताप ने दी गई तहरीर में बताया है कि उनकी गैस एजेंसी पर प्रवीण काम करता था। खराब चाल चलन के कारण उसके पिता ने प्रवीण को निकाल दिया था। कुछ दिन पहले उसको दोबारा काम पर रख लिया था, लेकिन वह खुश नहीं था।
उसने अपने साथी बलराम के साथ मिलकर उसके पिता की हत्या कर दी। साथ ही स्कॉर्पियो और मोबाइल लूटकर फरार हो गया।
छपरौली से लड़ा था चुनाव
बड़ौत में बिजरौल रोड निवासी डॉक्टर आत्माराम तोमर ने छपरौली से विधानसभा चुनाव लड़ा था। वे जनता वैदिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य भी रहे थे। CCTV फुटेज में दो बाइक सवार बदमाश भाजपा नेता के घर के बाहर खड़े दिख रहे हैं। गुरुवार शाम 6:42 बजे दोनों बदमाश घर के अंदर बाइक लेकर जाते हैं। फिर करीब 45 मिनट बाद घर से बाहर स्कॉर्पियो निकलती है। कुछ ही देर बाद बाइक पर दूसरा बदमाश निकलता है। घर के बाहर बाइक रोककर गेट को बंद कर लॉक करता है और फिर फरार हो जाता है। मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ने सीएम के ओएसडी को जानकारी दी गई है।
भाजपा ने बनाया था गन्ना संस्थान का उपाध्यक्ष
1996 में डॉ. आत्माराम ने भाजपा की टिकट पर छपरौली विधानसभा से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। इसके बाद भाजपा ने उन्हें 1997 में गन्ना संस्थान का उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) बना दिया था। वह 2002 तक इस पद पर रहे। इसके अलावा जनता वैदिक इंटर कालिज बड़ौत के प्रधानाचार्य भी रहे थे।
मेरठ में रहता है बेटा
पुलिस ने आस-पास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। उधर, सूचना पर मृतक डॉ. आत्माराम तोमर का बेटे डॉ. प्रताप भी मौके पर पहुंचे। वह मेरठ में डॉक्टर हैं और फैमिली के साथ वहीं रहते है, जबकि परिवार के अन्य लोग इंडिया से बाहर रहते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मामले की जांच हो रही है, उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
