आगरा (www.arya-tv.com) विधानसभा चुनाव का बिगुल अभी बजा नहीं है, लेकिन रणबांकुरे अपने-अपने खेमे तलाशने में जुट गए हैं। खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र का दो बार प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाह ने बुधवार को लखनऊ में भाजपा का दामन थाम लिया है। वे लंबे समय से पार्टी के संपर्क में थे।
पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाह लंबे समय से भाजपा के संपर्क में थे। गत माह भी उनकी पार्टी की सदस्यता लेने की खबरें चर्चा में आई थीं, लेकिन बात कहीं अटकी हुई थी। पूर्व विधायक कुशवाह ने खेरागढ़ सीट से वर्ष 2007 और 2012 में बसपा से जीत दर्ज की है।
इसके बाद वे बसपा से किनारा करने कर दूसरे दलों में प्रयास करते रहे थे। पिछले दिनों पीएल पैलेस में आधा दर्जन से अधिक पूर्व विधायक कांग्रेस की सदस्यता लेने के लिए जुटे थे, लेकिन उसके बाद भगवान सिंह कुशवाह ने इससे इन्कार किया था। सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाह खेरागढ़ सीट पर दावेदारी कर रहे हैं।
खेरागढ़ विधानसभा सीट भाजपा के कब्जे में है और महेश गोयल यहां से विधायक है। पूर्व विधायक कुशवाह भी इसी सीट से अपनी दावेदारी कर रहे हैं। बताया जाता है भाजपा इस पर उनको कोई ठोस आश्वासन नहीं दे रही थी, जिस कारण सहमति नहीं बन पा रही थी। अभी भी कोई ठोस सहमति नहीं बनी है, लेकिन भगवान सिंह कुशवाह ने सदस्यता ले ली है।