आगरा (www.arya-tv.com) ताजनगरी में बर्फीली हवाओं का दौर फिलहाल थम गया है लेकिन बादलों के बीच चल रही सूरज की लुकाछिपी के चलते तापमान में गिरावट आ रही है। अब तक धूप की वजह से दिन में सर्दी का अहसास नहीं हो रहा था लेकिन बादलों के छाए रहने से अब धूप असरदार साबित नहीं हो रही है। बुधवार को आगरा में सुबह आसमान हल्के बादल छाए रहे। सुबह नौ बजे करीब हल्की धूप निकल आने के बाद लोग धूप का आनंद लेने लगे। सुबह 10 बजे का तापमान 12 डिग्री दर्ज किया जा चुका है। जो मंगलवार के मुकाबले चार डिग्री कम है। आज अधिकतम 22 और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। न्यूनतम तापमान में मंगलवार की अपेक्षा एक डिग्री की बढ़ोत्तरी है, जबकि अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट।
इससे पहले मंगलवार को भी धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा, इससे मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह तेज धूप निकली, 10 बजे के बाद बादल छाने लगे। दोपहर में धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। कुछ देर के लिए धूप निकली, इसके बाद बादल छा गए।
10 मिनट बाद दोबारा धूप निकल आई। शाम को शीत लहर चलने लगी। इससे अधिकतम तापमान सामान्य 24 डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री सेल्सियस कम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य आठ डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार सुबह कोहरा और दोपहर में धूप निकलेगी, 27 दिसंबर के बाद कोहरा गहरा सकता है। इसके साथ ही शीत लहर चलेगी, इससे न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।