- महापौर के निरीक्षण में मिली खामियां, इकोग्रीन के मैनेजर पर होगी कार्यवाही
- संविदा कर्मचारी को ड्यूटी पर न आने के कारण बर्खास्त किया गया
(www.arya-tv.com)नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया द्वारा किया गया। निरीक्षण के समय नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जोन-07 के इस्माइलगंज द्वितीय में स्थित सतवा तालाब और उसके आस-पास के क्षेत्र में कूड़ा एकत्रित पाये जाने पर मे0 ईको ग्रीन के जोनल प्रबन्धक एवं वार्ड मैनेजर के विरूद्ध कठोर कार्यवाही के आदेश दिये गये। साथ ही क्षेत्रीय सफाई एवं खाद्य निरीक्षक देवेन्द्र कुमार को उपरोक्त प्रकरण की सूचना अपने जोनल अधिकारी को अवगत न कराये जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसी के साथ इस्माइलगंज द्वितीय में ही सड़क के किनारे कुछ लोगो द्वारा नालियों पर रैम्प/चबूतरा बना लिये गये थे इस संबंध में क्षेत्रीय नगर अभियन्ता डी0डी0 गुप्ता को इस प्रकरण का सही कराने के आदेश दिये गये।
जोन 4 में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण में नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी को भ्रमण के दौरान काल्विन कालेज वार्ड स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय, राय बिहारी लाल रोड़ और उसके आस-पास में गन्दगी पाये पर कार्यदायी संस्था मे0 वी0आई0पी0 सिक्योर सर्विसेज पर 50 हजार का अर्थदण्ड के साथ क्षेत्रीय पर्यवेक्षक संविदा कर्मचारी राजेश द्वारा राजकीय कार्यो में रूचि न लेने, उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन न करने एवं प्रायः डयूटी से गायब रहने के कारण राजकीय सेवा से बर्खास्त करने के निर्देश दिये।
उपरोक्त दोनों वार्ड में विशेष सफाई अभियान में 1050 सफाई एवं अन्य कर्मचारियों को लगाते हुये 105 वाहनों की मदद से 80 मी0टी0 कूड़ा उठाकर 92 स्थानों को गार्बेज मुक्त कराया गया। 50 नाले/नालियाॅ को मौके पर साफ कराया गया तथा 18 स्थानों से अवैध अतिक्रमण हटाते हुये स्थल को खाली कराया गया। 325 से अधिक अवैध बैनर एवं होर्डिग्स हटवाये गये।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया संग नगर आयुक्त अजय द्विवेदी, नगर स्वाथ्य अधिकारी डॉ० सुनील रावत, जोनल अधिकारी -7 चंद्र शेखर यादव, अधिशाषी अभियंता डी०डी० गुप्ता, जोनल अधिकारी -4 सुजीत श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
