104 डिग्री टेंपरेचर में छटपटा रहे बच्चे, वार्ड के बाहर मां-बाप की सांसें अटकी हैं..

Health /Sanitation UP

(www.arya-tv.com)उत्तरप्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच बुखार से जिंदगी छटपटा रही है। हर शहर के अस्पतालों में बुखार से बच्चे कराह रहे हैं। अस्पतालों में बेड कम पड़ गए हैं। एक बेड पर दो-दो बच्चों का इलाज हो रहा है। मां वार्ड में अपने बच्चे के साथ है। पिता वार्ड के बाहर टकटकी लगाए बुखार कम होने का इंतजार कर रहे हैं। 104 डिग्री बुखार से तप रहे बच्चे को मां-बाप टकटकी लगाए निहार रहे हैं। बिस्तर पर बच्चे की एक करवट भी उन्हें बड़ी तसल्ली देती है।

हर शहर के जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों के बाल रोग विभाग में इस समय ज्यादा हलचल है। यहीं सबसे ज्यादा भीड़ भी है। यहीं सबसे ज्यादा बेचैनी भी। हो भी क्यों न… उनकी जिंदगी की उम्मीद अस्पताल में भर्ती है। दैनिक भास्कर ने लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी के अस्पतालों में जो देखा है, पेश है उसकी तस्वीर….

लखनऊ के सिविल अस्पताल में 50 बेड, 20 भर्ती के लिए वेटिंग में

लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल के बाल रोग विभाग में सबसे ज्यादा हलचल है। यहां हर बेड पर बुखार से कराहते बच्चे हैं। तीमारदारी के लिए उनके परिजन भी उनके साथ हैं। ज्यादातर बच्चों को बुखार के साथ पेटदर्द की भी शिकायत है। अस्पताल स्टॉफ ने बताया कि अभी भी 20 बच्चे भर्ती के लिए वेटिंग में हैं।

कानपुर का हैलट…हर एंबुलेंस से सिर्फ बच्चे ही आ रहे हैं यहां

हैलट के कैंपस में एक के बाद एक आ रही ज्यादातर एंबुलेंस में बुखार से तड़प रहे बच्चे ही अस्पताल पहुंच रहे हैं। यहां बाल रोग विभाग में एक बेड पर दो से तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। रात १ बजे का आलम यह था कि बाल रोग विभाग की इमरजेंसी में कुल 11 बेड है। यहां 45 बच्चे भर्ती हैं। ऐसे ही वार्ड के 40 बेड पर 100 से ज्यादा बाल मरीज भर्ती हैं।

मेरठ के सरकारी और निजी अस्पतालों में हर रोज 200 से 250 तक मरीज वायरल के मिल रहे हैं। डेंगू के केस भी तेजी से बढ़ रहे हैं। डेंगू के 10 मरीज भर्ती हैं। कसेरू खेड़ा का दो साल का रियाज तीन दिन से बच्चा वार्ड में भर्ती है, इसी बेड पर बच्चे की मां सितारा अपनी दो माह की बेटी सुनाया के सााथ नजर आई। सितारा ने बताया कि घर पर ताला लटका है, इलाज के लिए भी पैसे नहीं है।

प्रयागराज में वायरल फीवर के 171 बच्चे अस्पताल में भर्ती

सरोजिनी नायडू बाल चिकित्सालय में 171 से अधिक बच्चों को वायरल बुखार के कारण भर्ती कराया गया है। रात 10 बजे दैनिक भास्कर यहां पहुंचा तो पता चला कि 120 बेड पर 171 बच्चे भर्ती हैं। एक बेड में 2-3 बच्चों को शिफ्ट किया गया है। यहां डेंगू के मामले कम हैं। वायरल बुखार से पीड़ित बच्चे ज्यादा हैं।

वाराणसी से …BHU पीडियाट्रिक्स में 100 बच्चे भर्ती, 60 बेड बढ़ाए

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल चिकित्सालय के पीडियाट्रिक्स वार्ड में करीब 100 बच्चे भर्ती हैं। इनमें से सभी बच्चे बुखार और वायरल से पीड़ित हैं। वहीं BHU इमरजेंसी और कबीरचौरा के मंडलीय अस्पताल में रोजाना 12-15 बच्चे बीमार होकर पहुंच रहे हैं। इसमें भी पेट दर्द, डायरिया और बुखार के ही बच्चों की संख्या है। यहां 60 बेड बढ़ाए गए हैं।