प्रयागराज (www.arya-tv.com) भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठित रहकर बूथ स्तर पर कार्य करने का मंत्र केंद्रीय और प्रांतीय इकाई की ओर से दिया गया है। इसके बाद भी जगह जगह पार्टी के कार्यकर्ताओं में गुटबाजी उजागर हो रही है। पिछले दिनों नगर निगम के उपाध्यक्ष चुनाव में मारपीट की भी नौबत आ गई। बात बढऩे पर महानगर इकाई के पदाधिकारियों को बैठककर समझौता कराया गया लेकिन गुटबाजी खुलकर उभरी।
म्योराबाद के बूथ पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री के सामने दिया था त्यागपत्र
करीब दो सप्ताह पूर्व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज के प्रवास पर थे। सर्किटहाउस में कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। म्योराबाद के बूथ स्तर के पदाधिकारियों ने उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पार्टी के सभी पदों से त्यागपत्र दिया था। इस मामले में भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सूत्रों का कहना है कि गुटबाजी की वजह से पार्टी के बहुत से पुराने पदाधिकारी हाशिए पर चले गए हैं। इससे उनमें असंतोष पनप रहा है। शीर्ष नेतृत्व को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। ऐसा न करने पर स्थानीय चुनाव पर भी असर पड़ेगा।