(www.arya-tv.com)अमेरिका में जन्मदर 112 साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है। सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (सीडीसी) की रिपोर्ट में बताया गया है कि 1979 के बाद यह सबसे बड़ी गिरावट है। इसका प्रमुख कारण चिंता, घबराहट और महामारी के चलते आर्थिक स्थिति में गिरावट भी है।
महिलाएं महामारी के दौरान मां बनने से बच रही हैं। इस रिपोर्ट के बाद अमेरिकी प्रशासन और विशेषज्ञ सकते में आ गए हैं। यहां जन्मदर 1,000 महिलाओं पर 56 हो गई है, जो अब तक की सबसे कम है। अमेरिका में कुछ समय पहले फर्टिलिटी रेट 2.1 था, जो घटकर अब 1.6 हो चुका है।
आर्थिक विशेषज्ञ इस रिपोर्ट को लेकर बेहद चिंतित हैं। उनका मानना है कि अमेरिका को आर्थिक बढ़त हासिल करने के लिए जनसंख्या में भी बढ़त की जरूरत है। अमेरिका को बूढ़े होते संपन्न समाज के बजाय एक ऐसा राष्ट्र बनने की जरूरत है, जिसकी जनसंख्या 100 करोड़ के करीब हो। लेकिन ऐसा करने में दूसरी तरह की भी दिक्कत आ सकती है। बच्चे पैदा करने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्हें भोजन कहां से मिलेगा। आज दुनिया में भूख सबसे बड़ी समस्या के रूप में उभर रही है। और आने वाले दशकों में भुखमरी और कुपोषण की समस्या और बढ़ेगी।
जलवायु परिवर्तन के कारण सबके लिए भोजन उपलब्ध करवाना टेढ़ी खीर साबित होगी। माना जा रहा है कि 2060 तक विश्व की जनसंख्या 970 करोड़ तक पहुंच जाएगी और इतने लोगों को भोजन उपलब्ध करवा पाना मुश्किल काम होगा। खासकर तब, जब खुद अमेरिका महामारी के दौरान भोजन संकट का शिकार हुआ था। यहां कोविड के कारण खाद्य असुरक्षा दोगुनी हो गई है। फूड बैंक बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगले 30 सालों में आबादी भी 200 कराेड़ और बढ़ जाएगी।
फसलाें की अच्छी पैदावार की अपेक्षा की जा रही है पर जलवायु परिवर्तन से हुए नुकसान के आंकड़े बताते हैं कि सूखा, बाढ़, तूफान और टिड्डियाें के आक्रमण जैसी घटनाओं से पैदावार घटी है। इसलिए कम लागत में अधिक पैदावार की नई तकनीक अपनानी हाेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में आबादी के साथ खाद्यान्न की सुरक्षा एक नए संकट को जन्म दे सकती है।
लगातार गिरावट: 15-19 साल की युवतियों में जन्म दर 8% तक घटी
वाॅशिंगटन इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मैट्रिक्स एंड इवेल्यूएशन के मुताबिक 15 से 19 के आयु वर्ग में जन्मदर साल भर में 8% घटी है। यह 1991 के बाद से लगातार घट रही है। वहीं, एशियाई-अमेरिकी महिलाओं में जन्मदर 8%, हिस्पैनिक में 3% और श्वेत महिलाओं में 6% घटी है। वहीं सिजेरियन डिलीवरी 32% बढ़ी है। पिछले साल अमेरिका में करीब 36 लाख बच्चे पैदा हुए थे। 2019 में यह करीब 38 लाख थे। 2007 में यह आंकड़ा करीब 43 लाख था।