(www.arya-tv.com) कोरोना की तीसरी लहर में बढ़ते केसों के चलते कई देशों को फिर से सख्ती करनी पड़ रही है। खासकर यूरोप में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। पूरे यूरोप में बीते 24 घंटे में 3 लाख 3 हजार 662 और बीते हफ्ते में 20 लाख केस सामने आए हैं। नीदरलैंड्स ने स्थिति बिगड़ते देख शनिवार शाम से तीन हफ्ते का आंशिक लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। इस दौरान रेस्टोरेंट और गैर-जरूरी सामानों की दुकानें जल्द बंद रहेंगी। वहीं बड़े स्पोर्ट्स इवेंट में दर्शकों की एंट्री भी बैन रहेगी। बता दें नीदरलैंड्स में बीते 24 घंटे में कोरोना के 16,204 केस सामने आए हैं।
जर्मनी में भी कोरोना कहर बनकर टूट रहा है। वहां इस महीने सात बार नए मामलों का रिकॉर्ड बन चुका है। गुरुवार को तो 50,196 केस मिले। ऐसा पहली बार हुआ, जब आंकड़ा 50 हजार के पार पहुंचा। बीते 24 घंटे में जर्मनी में 48,184 केस सामने आए हैं।
बीते 24 घंटे में इन 5 देशों में कोरोना के सबसे ज्यादा केस आए
देश | नए केस |
अमेरिका | 90,208 |
जर्मनी | 48,184 |
ब्रिटेन | 40,375 |
रूस | 40,123 |
यूक्रेन | 24,058 |
ब्रिटेन को अगले साल तक महामारी खत्म होने की उम्मीद नहीं
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों से कहा है कि कोरोना वैक्सीन का बूस्टर डोज जरूर लें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यूरोप के कई हिस्सों में संक्रमण बढ़ने से खतरे के बादल मंडरा रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है। ब्रिटिश सरकार को अगले एक साल तक भी महामारी के खत्म होने की उम्मीद नहीं है। ब्रिटेन के आई न्यूजपेपर के मुताबिक सबसे खराब स्थिति में 2026 तक लॉकडाउन की जरूरत पड़ सकती है।