घर पर कीजिये राम दरबार के लाइव दर्शन, दूरदर्शन पर होगा आरती का लाइव प्रसारण

# ## UP

राम मंदिर में रामलला के साथ प्रथम तल पर विराजमान राम दरबार की आरती का भी लाइव प्रसारण गुरुवार से शुरू हो गया। अब प्रतिदिन सुबह 6.30 बजे श्रृंगार आरती का प्रसारण चलेगा। दूरदर्शन की टीम ने मंदिर के भूतल के बाद प्रथम तल पर इससे संबंधित सेटअप पहले ही लगा दिया था। परीक्षण के बाद नित्य आरती का प्रसारण किया जा रहा है।

राम मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को राम दरबार के दर्शन प्राप्त नहीं हो रहे हैं। सिर्फ पास धारक ही प्रथम तल पर दर्शन करने के लिए जा रहे हैं, लेकिन अब घर बैठे ही श्रद्धालु प्रतिदिन सुबह की आरती के जरिए राम दरबार के भी दर्शन कर सकेंगे। भगवान श्रीराम के साथ माता जानकी, भाई लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी भी विराजमान हैं।

पांच जून को राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत आरती के प्रसारण का अधिकार भी दूरदर्शन को सौंप दिया था, लेकिन प्रथम तल पर चलने वाले निर्माण कार्य और प्रसारण से संबंधित सेटअप को इंस्टॉल करने में अधिक समय लगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक रामलला के तर्ज पर राम दरबार के गर्भगृह में भी अत्यधिक गुणवत्ता वाले सीसी कैमरे लगाए गए हैं। राम मंदिर के आरती के लाइव प्रसारण में राम दरबार की आरती को भी शामिल किया गया है।