(www.arya-tv.com)कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी यूपी के दौरे पर हैं। वे आज पार्टी मुख्यालय पर विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करेंगी। सुबह 10 बजे से बैठकों का दौर शुरू होगा। बैठक का मुख्य एजेंडा मिशन-2022 है। प्रियंका को आज लखनऊ आना था, लेकिन वे एक दिन पहले गुरुवार को ही लखनऊ आ गई थीं। उन्होंने शीला कौल के आवास में रात्रि विश्राम किया। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी एक हफ्ते तक यूपी में रहेंगी।
प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र भी जाएंगी। बता दें कि कांग्रेस यूपी में तीन दशक से सत्ता से बाहर है। यूपी में 1989 में नारायण दत्त तिवारी कांग्रेस के आखिरी मुख्यमंत्री थे। प्रियंका गांधी इस सूखे को खत्म करने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं।
4 दिनों का कार्यक्रम तय
- प्रियंका गांधी 10 और 11 सितंबर को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। मीडिया संयोजक अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह दस बजे से पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकों का दौर शुरू होगा।
- 11 सितंबर को सलाहकार कमेटी और चुनाव कमेटी के साथ प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया पर चर्चा होगी। प्रियंका गांधी कांग्रेस जिलाध्यक्षों के साथ कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे महत्वपूर्ण अभियान हर गांव कांग्रेस अभियान की समीक्षा करेंगी।
- इस दौरान प्रशिक्षण से पराक्रम अभियान पर भी चर्चा होगी। कांग्रेस ने यूपी में 700 से ज्यादा प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए हैं, जिसमें कार्यकर्ताओं को भाजपा की नीतियों की पोल खोल और सोशल मीडिया के लिए ट्रेंड किया गया है।
12 व 13 सितंबर को रायबरेली दौरे पर रहेंगी
प्रियंका गांधी 2 दिन कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर रहेंगी। 12 और 13 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर प्रियंका गांधी अपनी मां के संसदीय क्षेत्र सोनिया गांधी के दौरे पर रहकर वहां के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और कमेटी के लोगों से बैठकर और वार्ता करेंगी।
