(www.arya-tv.com) इंडोनेशिया के सुलावेसी प्रांत में शुक्रवार को जबरदस्त भूकंप से 35 लोगों की मौत हो गई। 600 से ज्यादा लोग घायल हैं। सबसे बड़ी दिक्कत रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर आ रही है। बारिश के कारण यहां सरकारी टीमें भी नहीं पहुंच पा रही हैं। न्यज एजेंसी के मुताबिक, कुछ लोगों को स्थानीय प्रशासन ने बचाया है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 बताई गई है।
अस्पताल को भी नुकसान
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यहां सरकारी अस्पताल की बिल्डिंग को भी काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल, टेंट्स में घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है। राज्य के गवर्नर मोहम्मद इदरीस ने कहा- हमारी सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि रेस्क्यू टीमें कई स्थानों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इसकी वजह से घायलों को नहीं निकाला जा सका है। कई सरकारी इमारतें और हॉस्पिटल भी भूकंप की चपेट में आए हैं। लिहाजा, मेकशिफ्ट अस्पतालों में मरीजों को शिफ्ट किया गया है।
सरकार ने क्या कहा
इंडोनेशिया सरकार ने एक बयान में कहा- हमने हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू टीम भेजी है। फिलहाल, 600 से ज्यादा लोग घायल हैं। 35 की मौत हो चुकी है। 200 लोगों की हालत गंभीर है। मलबे में अब भी कई लोग दबे हैं। हम उन्हें निकालने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ दिनों से जारी बारिश के कारण इलाके में हालात ज्यादा मुश्किल हो गए हैं।
लैंडस्लाइड से परेशानी बढ़ी
सुलावेसी प्रांत का बड़ा हिस्सा दलदली है। इसकी वजह से यहां पहले ही जिंदगी आसान नहीं थी। भूकंप के बाद हालात बद से बदतर हो गए। चार जिलों से लैंडस्लाइड की खबरें मिली हैं। इंडोनेशिया में करीब 17 हजार द्वीप हैं। यहां भूकंप आते रहे हैं। इसके अलावा करीब 130 सक्रिय ज्वालामुखी हैं।