उत्तराखंड में होगी बर्फबारी, कंपकपाएगा यूपी… कोहरा और धुंध का असर, सड़क यातायात प्रभावित

# ## National

उत्तराखंड में बर्फबारी के चलते उप्र. का भी तापमान और नीचे आएगा, ऐसे में दिन में भी कंपकपी महसूस होगी। इस बीच राज्य में कोहरा और धुंध का असर है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित है। खासकर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और गोरखपुर जैसे शहरों में घना कोहरा दिखने लगा है और दृश्यता कम हो चली है। वहीं, उत्तर-पश्चिम से आ रहीं बर्फीली हवाओं के चलते सूरज की गुनगुनी धूप भी अब बेअसर है।कुल मिलाकर अगले हफ्ते से प्रदेशभर में कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 21 और 22 दिसंबर को पहाड़ों से बादल हटते ही तापमान तेजी से गिरेगा। तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री तक नीचे जा सकता है।

इधर, प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव देखा जा रहा है। बीते तीन–चार दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और शाम की ठंडक बढ़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर के खत्म होने के बाद तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना जताई गई है। राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह और शाम के समय हल्की धुंध के साथ मिश्रित कोहरा देखने को मिला, जबकि दिन में तेज धूप खिली रही। यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर पर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी सुबह और शाम हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।