- जातिवाद से ऊपर उठने और समाधान खोजने का संदेश, युवाओं की भूमिका पर दिया विशेष जोर
लखनऊ। भागीदारी भवन में आयोजित युवा संसद 2026 में सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की प्रगति और भविष्य की दिशा तय करने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से एकजुट रहने, जागरूक बनने और भारत को महाशक्ति बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
अपने संबोधन की शुरुआत इतिहास के उदाहरण से करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि मात्र 2 लाख अंग्रेज़ सैनिकों ने 200 वर्षों तक भारत पर शासन किया, जिसका प्रमुख कारण हमारी आंतरिक विभाजनकारी सोच रही। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जातिवाद और संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएं।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले 100 वर्षों में पृथ्वी का तापमान लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है और लखनऊ जैसे शहरों में भूजल स्तर तेजी से गिर रहा है। उन्होंने युवाओं से सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, विद्युत वाहनों और हरित तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में संरक्षक राजकुमार पटेल, आयोजक अभिनव पटेल, प्रो. केडी सिंह, संचालक सौरभ पटेल, सोमेंद्र सिंह, शिखर पुरी, धीरेंद्र सिंह, मृणाली दीक्षित, उत्कर्ष चौहान और दीपांशु वर्मा सहित अनेक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की और युवा मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे एकजुट रहेंगे, जागरूक रहेंगे और भारत को विश्व की सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देंगे।
