(www.arya-tv.com) मुलायम सिंह यादव की तबीयत में सुधार नहीं हो रहा है। चौथे दिन भी उनकी हालत क्रिटिकल है। वह वेंटिलेटर पर हैं। बुधवार दोपहर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ने उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया। इसमें कहा गया है, “मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी क्रिटिकल हैं। ICU में डॉक्टरों की टीम उनका ट्रीटमेंट कर रही है।”
4 दिन से अखिलेश, डिंपल यादव, शिवपाल यादव, राम गोपाल भी मेदांता में हैं। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से मेदांता न आने की अपील भी की है। उन्होंने कहा है, ”यहां (मेदांता) आने की जरूरत नहीं है। आप सब उनके बेहतर सेहत के लिए दुआ करिए।”
बुधवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और उनके पिता लालू यादव बुधवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अखिलेश यादव और अस्पताल के डॉक्टरों से मिलकर मुलायम सिंह के सेहत की जानकारी ली।
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर मेदांता में अखिलेश यादव से मुलाकात की। उन्होंने मुलायम सिंह की सेहत के बारे में डॉक्टरों से जानकारी ली। इसके बाद मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ”मुलायम सिंह की हालत पहले से गंभीर है, अभी कुछ कहना ठीक नहीं है।
इससे पहले, मंगलवार देर रात उनकी सेहत को लेकर डॉक्टरों ने इमरजेंसी मीटिंग की। डॉक्टरों के मुताबिक, मुलायम सिंह के लिए अगले एक से दो दिन काफी अहम हैं। मंगलवार को ही मुलायम सिंह को CCU से फिर इंसेंटिव केयर यूनिट (ICU) में शिफ्ट कर किया गया था। डॉ. यतिन मेहता के नेतृत्व में उनका इलाज चल रहा है।
रविवार शाम को मुलायम सिंह की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें CCU में वेंटिलेटर पर रखा गया था।
मुलायम 2 साल से बीमार चल रहे
दरअसल, मुलायम सिंह यादव बीते 2 साल से बीमार चल रहे हैं। परेशानी अधिक बढ़ने पर उन्हें अक्सर अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। पहले भी वह कई बार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए जा चुके हैं। मुलायम सिंह यादव को जुलाई 2021 में भी मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।