विश्व प्रसिद्ध दीपोत्सव 2025 को लेकर बुधवार को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में विश्वविद्यालय के साथ जिला और पुलिस प्रशासन की बैठक हुई। सुरक्षा से लेकर स्वयं सेवकों के अनुशासन और घाट व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। जिला प्रशासन ने स्वयं सेवकों को सचेत किया किसी भी दशा में आईकार्ड सोशल मीडिया, अन्य को शेयर न करें और न ही डुप्लीकेट का प्रयोग करें। ऐसा करने पर विधिक कार्रवाई हो सकती है। इसी के साथ बुधवार से दीपोत्सव के लिए निर्धारित 32 हजार स्वयं सेवकों को आईकार्ड का वितरण प्रारंभ कर दिया गया है।
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि हम सभी प्रभु श्रीराम के भक्त है। पूरे मनोयोग दीपोत्सव में निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भागीदारी करें। आप सभी के सहयोग से दीपोत्सव को सफल बनायेंगे। इस बार 26 लाख 11 हजार 101 दीयों को प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य दिया गया है। टाइम मैनेजमेंट का शानदार प्रदर्शन करते हुए हमें विश्व को उत्कृष्ट दिखाना है। श्रीराम हम सभी के आराध्य है। यह उनके आगमन का उत्सव है।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा संस्थानों द्वारा उपलब्ध कराये गए परिवहन साधनों से घाटों पर जाएं। दीप प्रज्ज्वलन के समय वस्त्र जिसमें आग पकड़े की संभावना न हो ऐसे वस्त्रों को पहनकर आएं। दीपोत्सव आईकार्ड को किसी के साथ शेयर न करे और सोशल मीडिया पर भी शेयर न करे। यदि किसी का डुप्लीकेट आईकार्ड पाया जाता है तो उसके ऊपर विधिक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि घाटों पर सिर्फ स्वयं सेवक होंगे। अन्य का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा।
घाट पर इधर-उधर न घूमें, संदिग्ध की दे सूचना : एडीएम सिटी
एडीएम सिटी योगानंद ने कहा कि इस बार का दीपोत्सव बड़ा है। उन्होंने स्वयं सेवकों को सतर्क करते हुए बताया कि सभी अपने निर्धारित घाटों के अलावा इधर उधर न घूमे। आसपास संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखकर तुरंत प्रशासन या अपने घाट प्रभारी को सूचित करें।अपने दीप प्रज्ज्वलन के बाद भागदौड़ न करें। दीप प्रज्ज्वलन के समय मोबाइल फोन का प्रयोग बिल्कुल भी न करें।
आज से दीपक बिछाने का कार्य होगा शुरू : नोडल अधिकारी
विश्वविद्यालय दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो.संत शरण मिश्र ने बताया कि 26 लाख 11 हजार 101 दीप प्रज्ज्वलित कर प्रभु श्रीराम को समर्पित करना है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संस्थानों के 32 हजार स्वयंसेवकों को आईकार्ड वितरण शुरू हो गया है। परिसर के छात्र-छात्राओं को कल से आईकार्ड वितरित कर स्वयंसेवकों को घाट पर रवाना किया जायेगा। सभी घाटों पर गुरुवार से सभी घाटों पर दीए बिछाने का कार्य प्रारम्भ हो जायेगा।
साकेत कॉलेज के प्रो. अशोक मिश्रा ने कहा कि यह दीपोत्सव का कार्य रामकाज है। इसमें सभी का योगदान होना है जो भविष्य के योगदानों में बल मिलेगा। बैठक में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, प्रो. चयन कुमार मिश्र, प्रो. आशुतोष सिन्हा, प्रो. अशोक राय, प्रो. सुरेन्द्र मिश्र, प्रो. एसके रायजादा, प्रो. केके वर्मा, डाॅ. त्रिलोकी यादव, डाॅ. अंशुमान पाठक, सहित महाविद्यालय, इण्टर कॉलेज प्राचार्यों के साथ घाट समन्वयक, प्रभारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।