- अवैध रूप से कब्जा कर चल रही फैक्ट्रियों पर भी जल्द होगी कार्रवाई-जैकब
(www.arya-tv.com)लखनऊ। राजधानी के ऐशबाग स्थित यमुना झील को उसके पुराने स्वरूप में लाने के लिए विगत दिनों मंडलायुक्त डॉ.रोशन जैकब ने उच्चाधिकारियों संग बैठक कर इस बारे सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए थे। साथ ही उन्होंने नगर निगम को पत्र लिखकर यमुना झील के आस-पास किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए थे। इसी कड़ी में शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ.रोशन जैकब यमुना झील पर अवैध रूप से अतिक्रमण और कब्जे की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची। इसके पश्चात उन्होंने खुद खड़े होकर अवैध अतिक्रमण का ध्वस्तीकरण कराया। वहीं,इस दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यमुना झील पर अवैध रूप से बसे कब्जेदारों पर एफआईआर दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि आन रिकार्ड जो भी बंजर भूमि है उसे तत्काल खाली कराया जाए। मंडलायुक्त डॉ.रोशन जैकब ने लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जिला प्रशासन और लखनऊ पुलिस के द्वारा यमुना झील में युगल किशोर व्यक्ति द्वारा किए गए अवैध रूप से कब्जे को जेसीबी के द्वारा ध्वस्त करते हुए किया गया धराशायी करा दिया। इस मौके पर मंडलायुक्त यह भी बताया कि युगल किशोर नाम के व्यक्ति द्वारा और भी कई स्थानों पर अवैध तरीके से जमीन को कब्जा किए जाने की जानकारी मिली है,जिस पर फैक्ट्रियां चलाई जा रही है उसको श्रम विभाग द्वारा जांच कराया जाएगा सही मिलने पर उसके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
