शहर में ई-सिटी बसों के लिए तय हुए स्टॉपेज… अब सड़कों पर नहीं, 40 निर्धारित शेल्टरों पर ही रुकेंगी बसें

# ## Lucknow

इलेक्ट्रिक सिटी बसों के ठहराव को लेकर सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। अब ई-सिटी बसें शहर में कहीं भी मनमाने ढंग से नहीं रुकेंगी, बल्कि उनके लिए 40 तय स्टॉपेज (बस शेल्टर) निर्धारित किए गए हैं। यह आदेश आठ प्रमुख रूटों पर लागू किया गया है।

नए प्रबंध निदेशक ने संभालते ही लिया सख्त फैसला

पदभार ग्रहण करते ही सिटी ट्रांसपोर्ट के नए प्रबंध निदेशक अमरनाथ सहाय ने सिटी बसों के अनियमित ठहराव पर सख्त कदम उठाया। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को अब सिटी बसें सिर्फ बस शेल्टर पर ही मिलेंगी। इन शेल्टरों पर जल्द ही बसों के आवागमन की समय-सारिणी (टाइम टेबल) भी लगाई जाएगी।

ड्राइवर से लेकर डिपो इंचार्ज तक जिम्मेदार

इस व्यवस्था के पालन की जिम्मेदारी डिपो इंचार्ज, चालक और परिचालक सभी पर तय की गई है। आदेश का पालन न होने पर कार्रवाई भी की जा सकती है। एक सप्ताह बाद दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्था की जांच की जाएगी।

जाम और यात्रियों की परेशानी होगी कम

अब तक सिटी बसें सड़कों पर जहां-तहां रुक जाती थीं, जिससे यात्रियों को स्टॉपेज पर लंबा इंतजार करना पड़ता था। सड़कों पर जाम की स्थिति बनती थी। नई व्यवस्था से यातायात सुचारु होगा और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। फिलहाल लखनऊ में 115 ई-सिटी बसों का संचालन हो रहा है, जिनसे प्रतिदिन 12 से 14 हजार यात्री सफर करते हैं।

यहां रुकेंगी इलेक्ट्रिक सिटी बसें

आलमबाग मेट्रो स्टेशन, मवैया मेट्रो स्टेशन, टेढ़ी पुलिया, आलमबाग थाना, अवध चौराहा, अमौसी मेट्रो, पुरानी चुंगी, शनि मंदिर हिंद नगर, पारा चौकी, मुन्नू खेड़ा, चारबाग स्टेशन (दोनों ओर), पॉलिटेक्निक चौराहा (वेव सिनेमा के सामने), सहारा बाजार के सामने, फन मॉल (दोनों ओर), हैनीमैन चौराहा, रजनीखंड, स्मृति उपवन, बाराबिरवा, दयाल चौराहा, नादरगंज, बहुखंडी मंत्री आवास, चिनहट सहित अन्य स्थानों पर स्टॉपेज तय किए गए हैं।

इन आठ रूटों की बसों के स्टॉपेज तय

चौक घंटाघर से नैमिषारण्य

ट्रांसपोर्ट नगर से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा

शकुंतला विश्वविद्यालय से जीपीओ

बालागंज से कमता बस स्टेशन

ट्रांसपोर्ट नगर से टेढ़ी पुलिया

सरोजनीनगर से कमता बस स्टेशन

राजाजीपुरम से देवा रोड अपट्रान

बालागंज से जीपीओ हजरतगंज

सिटी बसों के लिए 40 शेल्टर तय किए गए हैं। चालक-परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बसें केवल इन्हीं स्टॉपेज पर रोकी जाएं। इससे जाम की समस्या कम होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।