(www.arya-tv.com) मेरठ में विकास कार्यों की समीक्षा करने रविवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कमिश्नरी सभागार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसके बाद उन्होंने बताया कि जो विकास पिछले 60 साल में नहीं हुआ।.वह योगी सरकार के 6 साल के कार्यकाल में हो गया।
उन्होंने बताया कि पहले माफिया और गुंडे खुलेआम घूमते थे, लेकिन योगी सरकार की कार्यवाही के बाद उत्तर प्रदेश एक नया कीर्तिमान बनने के शिखर पर पहुंच चुका है। बताया कि योगी सरकार में लोगों को भ्रष्टाचार से मुक्ति तो मिली ही है, साथ ही किसानों को गन्ना भुगतान भी कराया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि अब किसानों के नलकूपों पर जो मीटर लगे हुए हैं, उसमें किसानों को आधा बिल देना होता था, लेकिन अब सरकार उनका पूरा बिल अपनी तरफ से देगी। जबकि किसान सम्मान निधि का लाभ पहले ही किसान ले रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में बेमौसम हुई बारिश से किसानों की फसल बर्बाद हुई है। उसका सर्वे करवाकर सरकार उन्हें मुआवजा देगी। साथ ही उन निराश्रित गोवंश के रखरखाव का प्रबंध भी जल्दी कराया जाएगा। नगर निकाय और लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि भले ही विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को हारता देखना चाहते हों, लेकिन प्रदेश की जनता सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समझ चुकी है। इस बार नगर निकाय चुनाव में भाजपा सभी 17 जिलों पर जीत का परचम लहरायागी। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि मेरठ में कानून व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त रहेगी। डग्गामार बसों को हटाया जाएगा। ई रिक्शा का निशुल्क रजिस्ट्रेशन होगा। किसानों के नलकूपों का बिल सरकार देगी।