उत्तर प्रदेश में 20 दिसंबर तक घने कोहरे का प्रकोप: कई जिलों में रेड अलर्ट, यात्रा करने से बचें

# ## UP

लखनऊ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में 17 से 20 दिसंबर के बीच घने से अत्यंत घने कोहरे तथा शीत दिवस की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट और अन्य के लिए ऑरेंज व येलो अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी भारत और आसपास के क्षेत्रों में बने प्रति-चक्रवात (एंटी-साइक्लोन) तथा ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में कोहरे की तीव्रता बढ़ी है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह के मुताबिक निचले स्तर पर इन्वर्जन लेयर के कारण ठंडी हवा का फैलाव बना हुआ है, जिससे न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, जबकि दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री सेल्सियस कम रहा, वहीं कुछ क्षेत्रों में 8-10 डिग्री तक की गिरावट देखी गई। इसी वजह से प्रदेश के कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है।