आगरा में दो बहनों की आई बारात:निकाह के दो घंटे बाद ही तीन तलाक

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में निकाह के दो घंटे बाद ही तीन तलाक का मामला सामने आया है। दूल्हे ने दहेज में कार न मिलने पर दुल्हन को ले जाने से इनकार कर दिया। ससुराल के लोग भी जिद पर अड़ गए। लड़की वालों ने काफी मिन्नत कीं, हाथ जोड़े लेकिन ससुराल के लोग नहीं माने। दो घंटे तक शादी समारोह में हंगामा चला। इसके बाद दुल्हा तीन तलाक बोलकर चला गया। लड़की पक्ष ने ताजगंज थाने में 6 के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।

ढोलीखार, मंटोला निवासी दुल्हन के भाई कामरान वारसी ने बताया, ‘बुधवार रात को ताजनगरी के प्रियांशु गार्डन दो बहनों की शादी थी। बहन गौरी का निकाह हो गया। इसके बाद दूसरी बहन डॉली का निकाह आसिफ के साथ तड़के 4 बजे के करीब हुआ। शादी में बहनों को गृहस्थी का सामान, जेवरात, कैश, दावत पर करीब 30 लाख रुपए खर्च किए गए।। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जब विदाई का समय आया तो दूल्हा व ससुराल के लोगों ने कार के साथ अधिक जेवर मांगने लगे।

दूल्हा आसिफ बोला- जब तक डिमांड पूरी नहीं होगी तब तक दुल्हन को नहीं ले जाऊंगा। दूल्हे के भाई कामरान ने बताया, दूल्हे व उनके परिवार के सामने हाथ जोड़े, काफी मान मनौवल की लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। कार की डिमांड पूरी कर दी। इसके बाद जेवर की मांग करने लगे। फिर ससुराल के लोगों ने गाली गलौज व अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि वो मारपीट कर कैश और जेवरात लेकर चले गए। चंद रिश्तेदार के साथ दूल्हा आसिफ रुका हुआ था। डिमांड पूरी नहीं होने पर वह भी सुबह 6 बजे वो दुल्हन डौली के सामने तीन बार तलाक बोलकर चला गया।
दुल्हा आसिफ समेत 6 पर FIR
दुल्हन के भाई कामरान की सूचना पर मैरिज होम पर पुलिस पहुंची। मामले में नाला चून पचान, नाई की मंडी निवासी आसिफ, मुन्नी, परवेश, सलमान, रुखसार, नजराना और फहरीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि विवेचना की जा रही है।