(www.arya-tv.com)दिल्ली सरकार ने 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया है। इसके बाद फिर से कामगार प्रवासी पलायन करने लगे हैं। नतीजा उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर लोगों की भीड़ है। इस पर योगी सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा है। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने बिना प्लानिंग के यूपी-बिहार के लोगों को UP बॉर्डर पर लाकर छोड़ दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महामारी के समय फिर से वही रवैया अपनाया, जो पिछले साल दिखाया था। आनन-फानन में जब लॉकडाउन लगता है तो इसी प्रकार से व्यवस्था चरमराती है।
मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि कल (सोमवार) रात को हमने लॉकडाउन का प्रभाव गाजियाबाद, नोएडा बॉर्डर पर देखा। दिल्ली की बसों ने लोगों को बॉर्डर पर लाकर छोड़ दिया। यूपी CM ने कल ही उन लोगों को उनके घर पहुंचाने का काम शुरू किया। अब तक करीब एक लाख लोगों को लाया गया है।
अव्यवस्थाओं को छिपाने के लिए लगाया लॉकडाउन
मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने न बेड दिए, न अस्पताल दिए और न सुविधाएं दीं। अपनी अव्यवस्थाएं छिपाने के लिए लॉकडाउन लगाया है। यूपी सरकार की ओर से सरकारी और प्राइवेट बसें लगाकर लोगों को गांव तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
UP में वीकेंड लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू
संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है, जहां सबसे अधिक कोरोना के केस मिल रहे हैं। ऐसे में मंगलवार को योगी सरकार ने रविवार को लगने वाले लॉकडाउन को अब शनिवार को भी लागू करने का निर्णय लिया है। वहीं, राज्य के सभी जिलों में अब रात 8 बजे से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू भी लगेगा। इस तरह शुक्रवार की रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक 59 घंटे लोगों को बेवजह घर से बाहर निकलने पर पाबंदी रहेगी। इसे प्रदेश में लागू कर दिया गया है।
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शनिवार और रविवार को वीकेंड लॉकडाउन को प्रभावी कर दिया गया है। यह लॉकडाउन शुक्रवार रात 8 बजे से लागू होगा और सोमवार सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। इसके अलावा सभी जिलों में रात का कर्फ्यू लगाया जाएगा।
अवनीश अवस्थी ने कहा कि वीकेंड लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू के दौरान केवल आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी। सभी साप्ताहिक बाजार, शॉपिंग कॉम्पलेक्स बंद रहेंगे। इस लाॅकडाऊन के दौरान सैनटाइजेशन का काम होगा और आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होंगी।