सुखोई विमान हादसे पर रक्षामंत्री ने जताया शोक, राहुल गाँधी ने शहीद पायलटों के परिवारों के प्रति संवेदना की जाहिर

# ## National

दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त सुखोई विमान हादसे में वायु सेना के दो पायलटों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “सुखोई-30 विमान हादसे में दोनों पायलटों स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रवेश दुर्गाकर के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। देश के लिए उनकी हिम्मत और सेवा को हमेशा गर्व और आभार के साथ याद किया जाएगा।दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। दुख की इस घड़ी में देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है।”

गौरतलब है कि वायु सेना का लड़ाकू विमान सुखोई-30 गुरुवार को असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुर्घटना में दोनों वीर पायलटों की मौत हो गयी। वायु सेना ने शुक्रवार को इन दोनों पायलटों के निधन की पुष्टि की।

राहुल गांधी ने जताया पायलटों के निधन पर शोक

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वायु सेवा के सुखोई विमान दुर्घटना में दो पायलटों के निधन पर शोक व्यक्त किया है।  गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर शुक्रवार को अपने शोक संदेश में कहा, “भारतीय वायुसेना के वीर जवान स्क्वाड्रन लीडर अनुज एवं फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर का विमान दुर्घटना में शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है

भारत के इन वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”

गौरतलब है कि वायु सेना का सुखोई 30 गुरुवार को असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुर्घटना में दोनों वीर पायलटों की मौत हो गयी। वायु सेना ने शुक्रवार को इन दोनों पायलटों के निधन की पुष्टि की।