(www.arya-tv.com) अयोध्या में शनिवार को ब्रेन हेमरेज के चलते ट्रैफिक दरोगा की मौत हो गई। वह नया घाट पर ड्यूटी कर रहा था। तभी अचानक लड़खड़ा कर गिर पड़ा। इससे दरोगा के मुंह और नाक पर चोट आ गई। ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मी की हालत बिगड़ी तो साथी लेकर जिला अस्पताल की तरफ भागे। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
दिन में भीषण गर्मी से परेशान थे दरोगा
देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बरियाचक के रहने वाले विनोद कुमार सोनकर (53) यातायात पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। कुछ महीने पहले ही PAC से यातायात पुलिस में नियुक्त होने के बाद यहां आये थे। शनिवार को उनकी ड्यूटी नयाघाट पर लगी थी। बताया जाता है कि दिन में भी उन्हें बुखार की शिकायत थी। शाम होते होते वे गर्मी से परेशान हो गए। देर शाम ड्यूटी के दौरान ही वह अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े। सहयोगी कर्मियों ने जिला अस्पताल भिजवाया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सिपाही को बेहोशी की हालत में कराया भर्ती
वहीं, दूसरी तरफ पुलिस लाइन में तैनात सिविल पुलिस के जवान संतोष कुमार (30) को बेहोशी की हालत में देर शाम जिला अस्पताल लाया गया है। वह ड्यूटी के दौरान बेहोश हो गए थे। गंभीर हाल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा आशुतोष प्रताप सिंह ने सिपाही को भर्ती किया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
कोतवाली मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को ब्रेन हेमरेज से विनोद कुमार के मौत हो गई। उनके मौत की सूचना पत्नी और परिजनों को दे दी गई है। विनोद के तीन बेटे और एक बेटी है। आज उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टा दरोगा की मौत हीट स्ट्रोक माना जा रहा था। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ब्रेन हेमरेज की बात सामने आई है।