(www.arya-tv.com) आगरा में मंगलवार रात कार में किराना व्यापारी का शव मिला। व्यापारी की गर्दन कटी थी। हाथ में खून से सना चाकू था। घरवालों ने बताया कि वह काफी समय से अवसाद में था। ऐसे में पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच कर रही है। हालांकि चाकू से कोई अपनी गर्दन काटकर कैसे सुसाइड कर ले, यह भी लोगों का कहना है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
मंगलवार रात करीब साढे़ आठ बजे एत्मादपुर क्षेत्र में बुढ़िया के ताल पर सफेद रंग की क्रेटा कार खड़ी थी। वहां से पुलिस की जीप निकल रही थी। पुलिस ने कार को देखा। कार स्टार्ट थी। उसमें तेज आवाज में गाने बज रहे थे। AC भी चल रहा था।
पुलिस ने पास जाकर देखा तो कार में एक व्यक्ति खून से लथपथ पडा़ था। उसकी गर्दन कटी थी। एक हाथ में खून से सना चाकू था। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त 40 साल के बल्केश्वर सीताराम कॉलोनी निवासी मनु अग्रवाल के रूप में की। परिजनों को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस अपर आयुक्त केशव चौधरी समेत अन्य अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए।
हत्या-आत्महत्या में उलझी पुलिस
पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मनु का मोतीगंज में कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी के नाम से दाल-चावल का थोक का कारोबार था। मनु लंबे समय से बीमार थे। इसको लेकर वो अवसाद में थे। उनकी दवा भी चल रही थी। उनके पिता भगवान दास अग्रवाल, भाई विष्णु अग्रवाल दूसरे घर में बल्केश्वर चौराहे के पास रहते हैं।
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के बाद पुलिस आत्महत्या करने की आशंका जता रही है। हालांकि पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसके अलावा पुलिस हत्या के एंगल को भी तलाश रही है। यह भी हो सकता है कि कोई मनु को लेकर आया हो। उनकी हत्या करने के बाद फरार हो गया हो। कार को फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी जांचा। अपर पुलिस आयुक्त केशव चौधरी का कहना है कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलू पर जांच कर रही है।
तीन बच्चे, परिवार में कोहराम
परिजन ने बताया कि मनु रोजाना की तरह मंगलवार को सुबह दस बजे दुकान पर गए थे। शाम को छह बजे दुकान से निकले। इसके बाद नहीं आए। उनकी शादी को 14 साल हुए थे। पत्नी प्रीति अग्रवाल पति की मौत की खबर से बेसुध हो गईं। व्यापारी के दो बेटी और एक बेटा हैं। परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में व्यापारी पहुंच गए।
पुलिस कारोबारी की हत्या मामले में कई सवालों के जवाब तलाश रही है। पुलिस पता लगा रही है कि कारोबारी घर वालों से घर आने की बात कहकर निकले थे तो घर से करीब 20 किलोमीटर दूर बुढ़िया के ताल पर क्यों आए थे?
क्या उनके साथ कोई और भी कार में था? कारोबारी को अगर सुसाइड करनी थी तो वो हाईवे पर कार में सुसाइड क्यों करते? आसपास में सुनसान इलाका है। इसके अलावा कार स्टार्ट थी, उसमें तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था और एसी भी ऑन था, ऐसे में अचानक ही उनके मन में सुसाइड करने का ख्याल कैसे आ गया?
ड्राइवर सीट पर उनकी बॉडी मिली है। पुलिस को उनकी साइड के दरवाजे अंदर से लॉक मिले, जबकि उनके बराबर वाली सीट का लॉक खुला था। अब पुलिस पता लगा रही है क्या, उनकी बराबर की सीट पर कोई बैठा था? जो बाद में उतरकर चला गया।
इसके अलावा उनकी गर्दन पर कट का बहुत गहरा निशान है। कैसे कोई व्यक्ति खुद इतना गहराई से अपना गला काट सकता है। पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है। हाईवे के CCTV कैमरे चेक किए जा रहे हैं।