(www.arya-tv.com) पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह के परिवार की बहू चारू चौधरी राजनीति में उतरने की तैयारी में हैं। वह पश्चिम यूपी के ब्रज क्षेत्र से चुनाव लड़कर अपनी सियासी पारी का आगाज कर सकती हैं। पत्नी के लिए रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने सियासी मोहरे सेट करने शुरू कर दिए हैं। चर्चा है कि चारू मथुरा या फतेहपुर सीकरी में से किसी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
आखिर क्यों जयंत चौधरी पत्नी को राजनीति में उतारना चाहते हैं।
2024 का चुनाव रालोद के लिए अहम
दरअसल, लंबे वक्त से सत्ता से दूर रालोद के सामने अपना वजूद बचाने की चुनौती है। एक जमाने में रालोद किसान और जाटों की प्रमुख पार्टी थी। चौधरी चरण सिंह देश के प्रधानमंत्री बने। उनके बेटे अजित सिंह भी अलग-अलग सरकार में मंत्री पद पर रहे। चौ. अजीत सिंह के देहांत के बाद पार्टी की कमान जयंत चौधरी के हाथ में आई।
मगर, वो न तो राष्ट्रीय राजनीति और न ही प्रदेश की राजनीति में पार्टी को मजबूती से खड़ा कर पाए। अब 2024 के चुनाव जयंत चौधरी के लिए अहम होंगे। जयंत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 12 सीटों पर अपनी ताल ठोंक रहे हैं। सूत्रों की मानें तो जयंत इस बार हर हाल में ऐसे गठबंधन का हिस्सा बनना चाहते हैं, जो उन्हें सत्ता के गलियारे तक पहुंचाए।
2- महिला वोटर्स में सेंध लगाने की कोशिश
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इसके पीछे की वजह यह भी है कि 50 फीसदी वोटर महिलाएं हैं। सभी पार्टियां महिलाओं पर फोकस्ड हो रही हैं। भाजपा और सपा की बात करें, तो बीजेपी महिलाओं को ट्रिपल तलाक, उज्जवला जैसी योजनाओं से अपने पाले में लाने की पुरजोर कोशिश कर रही है। वहीं, सपा ने 2024 के लिए डिंपल को आगे कर दिया। ऐसे में जयंत की पार्टी में कोई बड़ा महिला चेहरा नहीं है। इसलिए महिलाओं वोटर्स पर पकड़ बनाने के लिए जयंत अपनी पत्नी को आगे कर सकते हैं।