रिकवर करने वालों की संख्या 18.09 करोड़; ब्रिटेन ने भारत को रेड लिस्ट से हटाया

Health /Sanitation International

(www.arya-tv.com)कोरोना के डेल्टा वैरिएंट का संक्रमण तेजी से दुनिया में फैल रहा है, जिसके चलते बुधवार को दुनिया में कोरोना के कुल मामले 20 करोड़ से ज्यादा हो गए हैं। हालांकि इस बीमारी से रिकवर करने वालों की संख्या भी 18.09 करोड़ पहुंच गई।

दुनिया में बीते 24 घंटों में 6.83 लाख नए मामले दर्ज किए गए। 4.39 लाख लोगों ने इस बीमारी को मात दी, जबकि 10,117 लोगों की इससे मौत हुई। सबसे ज्यादा 1.12 लाख केस अमेरिका में दर्ज किए गए। वहीं इंडोनेशिया में सबसे ज्यादा 1,727 कोरोना संक्रमितों की जान गई।

ब्रिटेन ने भारत को रेड लिस्ट से हटाया
ब्रिटेन ने बुधवार को ऐलान किया कि भारत को रेड लिस्ट से हटाकर एंबर लिस्ट में डाला जा रहा है। इसका मतलब यह है कि अब भारत से ब्रिटेन जाने वाले लोगों को रवाना होने से पहले और पहुंचने के बाद कोरोना टेस्ट कराना होगा। साथ ही 10 दिनों के लिए क्वारैंटाइन होना होगा। यह नियम 8 अगस्त से लागू होगा।

हालांकि अगर किसी व्यक्ति ने ब्रिटेन में दोनों टीके लगवाए हैं या फिर वह भारत में ब्रिटेन के वैक्सीन प्रोग्राम के तहत वैक्सीनेट हुआ है तो उसे क्वारैंटाइन नहीं होना होगा। भारत के साथ बाहरीन, जॉर्जिया, मैक्सिका, संयुक्त अरब अमीरात समेत सात देशों को एंबर लिस्ट में शिफ्ट किया गया है।

दिसंबर तक 80% आबादी को वैक्सीनेट करेगा ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया ने दिसंबर तक अपनी 80% वयस्क आबादी को दोनों टीके लगाने का लक्ष्य रखा है। सरकार ने इसके लिए ऑपरेशन कोविड शील्ड शुरू किया है। यहां पर बुधवार को 253 नए मामले सामने आए। 1,204 लोगों ने इस बीमारी को मात दी जबकि 2 लोगों की मौत हुई।

तुर्की में तीन महीने बाद सबसे ज्यादा मामले
तुर्की में बुधवार को 26,822 नए मामले दर्ज किए गए, जो कि तीन महीने में सबसे ज्यादा हैं। यहां 1 जून के बाद सबसे ज्यादा 126 मौतें भी रजिस्टर की गईं। सबसे ज्यादा मामलों वाले देश में तुर्की दुनिया में 7वें स्थान पर है। यहां 58.22 लाख लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

तुर्की में वयस्क आबादी में तकरीबन दो-तिहाई को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग गई है, जबकि करीब आधी आबादी को दो या उससे ज्यादा डोज लग चुकी हैं।

चीन के वुहान में जून 2020 के बाद मिले कोरोना मरीज
चीन के वुहान शहर में जून 2020 के बाद पहली बार नए कोरोना मरीज मिले हैं। इसके बाद सरकार ने मंगलवार को घोषणा की है कि वह शहर के सभी 1.10 करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट कराएगी। इसके साथ ही वुहान में स्कूल, कोचिंग और कुछ मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। लोगों से कहा गया है कि वे मास्क लगाएं। प्रशासन ने शिक्षण संस्थाओं के परिसरों में स्वास्थ्य निगरानी बढ़ा दी है।

जापान ने अमेरिकी, रूसी यात्रियों के लिए नियम सख्त किए
जापान ने अमेरिका, रूस और फिनलैंड सहित कई देशों से आने वाले यात्रियों के लिए नियम सख्त कर दिए हैं। इन देशों के यात्रियों को तीन दिन सरकारी केंद्र में रहना होगा। उसके बाद इनका कोरोना टेस्ट किया जाएगा। अगर संक्रमित मिले तो जापान में प्रवेश नहीं मिलेगा। यह आदेश गुरुवार से लागू होगा।

आलिंपिक के दौरान जापान में तेजी से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। यहां बीते एक हफ्ते के 5 दिनों में 10 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। यहां इससे पहले 10 हजार मामले कभी दर्ज नहीं किए गए थे।

दुनिया में 20 करोड़ मामले
अब दुनिया में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 20.09 करोड़ हो गई है। अब तक कुल 18.09 करोड़ लोगों ने इस बीमारी को मात दी है, जबकि 42.69 लाख संक्रमितों की इससे मौत हुई है। फिलहाल 1.57 करोड़ संक्रमितों का इलाज चल रहा है, जिसमें से 93,794 लोग गंभीर हैं।