- अब भारत में हर दिन सबसे तेज रफ्तार से संक्रमित बढ़ रहे हैं, 7.18 लाख मरीजों का चल रहा इलाज
- बंगाल में 7, 11 और 12 सितंबर को टोटल लॉकडाउन का ऐलान, केवल जरूरी सेवाएं ही जारी रहेंगी
(www.arya-tv.com) देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बुधवार को 33 लाख के पार हो गया। 24 घंटे में रिकॉर्ड 75 हजार 995 नए मरीज मिले। इसके पहले 22 अगस्त को सबसे ज्यादा 70 हजार 67 लोग संक्रमित मिले थे। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 33 लाख 7 हजार 749 हो गया है। अब भारत में हर दिन संक्रमितों के बढ़ने की रफ्तार दुनिया में सबसे तेज हो गई है। दूसरे नंबर पर या तो अमेरिका रहता है या फिर ब्राजील।
भारत की तुलना में इन दोनों देशों में 20 से 25 हजार कम संक्रमित मिल रहे हैं। आंकड़ों को देखें तो भारत में अब हर 10 लाख की आबादी में 27,243 लोगों की कोरोना टेस्टिंग हो रही है। इनमें 2,393 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। इतनी ही आबादी में 44 लोगों की मौत हो रही है।
54 हजार लोग ठीक हुए, रिकवरी रेट 76.28% हुआ
संक्रमितों के बढ़ने के बीच राहत की खबर यह है कि मरीजों के ठीक होने की रफ्तार भी तेज हो गई है। बुधवार को 56 हजार 191 मरीज ठीक हो गए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अब 25 लाख 23 हजार 443 हो गई है। रिकवरी रेट की बात करें तो यह एक प्रतिशत बढ़कर 76.28% हो गया है। मतलब अब हर 100 मरीजों में 76 लोग ठीक हो रहे हैं।
मरने वालों का आंकड़ा 60 हजार के पार हुआ
संक्रमण के चलते मरने वालों का आंकड़ा बुधवार को 60 हजार के पार हो गया। पिछले 24 घंटे के अंदर 1 हजार 17 मरीजों ने दम तोड़ दिया। देश में अब तक 60 हजार 629 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत की बात है कि जिस रफ्तार से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है मृत्यु दर उतनी ही कम हो रही है। देश में संक्रमण से मृत्यु दर 1.83% है।