श्रीलंका को कोवीशील्ड के 5 लाख डोज गिफ्ट करेगा भारत, अब तक 23.28 लाख का वैक्सीनेशन

International

(www.arya-tv.com) भारत ने कोरोना से जूझ रही दुनिया के लिए वैक्सीन की मदद भेजना शुरू कर दिया है। नेपाल, बांग्लादेश, भूटान जैसे देशों के बाद भारत अब श्रीलंका को कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड के 5 लाख डोज गिफ्ट करेगा। यह कन्साइन्मेंट गुरुवार को कोलंबो पहुंच जाएगा। भारत अपने अभियान ‘वैक्सीन मैत्री’ के तहत वैक्सीन भेज रहा है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर 5-7 जनवरी के बीच श्रीलंका दौरे पर थे। इस दौरान श्रीलंका ने उनसे कोरोना वैक्सीन की अर्जेंट डिलिवरी के लिए कहा था। उसी मांग पर भारत ने यह फैसला किया है।

वहीं, देश में अब तक 23 लाख 28 हजार 779 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। इसमें बुधवार शाम 6 बजे तक 2 लाख 99 हजार 299 लोगों का टीकाकरण किया गया। यूनियन हेल्थ सेक्रेटरी ने बताया कि अब तक 16 लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। 9 लोगों की मौत भी हुई है। हालांकि इनमें से किसी की भी मौत वैक्सीन के साइड इफेक्ट से नहीं हुई है।

UK में मिले नए स्ट्रेन पर भी कोवैक्सिन असरदार
भारत बायोटेक की कोरोना वैक्सीन ‘कोवैक्सिन’ को लेकर अच्छी खबर है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की स्टडी में मालूम चला है कि ये वैक्सीन UK में मिले कोरोना के नए वैरिएंट पर भी असरदार है। ICMR ने बुधवार को इसकी रिपोर्ट जारी कर दी है।

गुजरात में 1 फरवरी से खुलेंगे 9-12वीं तक के स्कूल
गुजरात सरकार ने 1 फरवरी से 9-12वीं तक के स्कूल खोलने का ऐलान कर दिया है। बुधवार को एजुकेशन मिनिस्टर भूपेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूलों में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। उधर, बुधवार से मुंबई को छोड़ कर पूरे महाराष्ट्र में 5वीं से 8वीं तक के स्कूल खुल गए। मास्क पहने स्टूडेंट्स और स्टाफ को ही स्कूल में एंट्री दी गईं। कई स्कूलों ने स्टूडेंट्स के लिए अपनी ओर से मास्क का इंतजाम भी किया है। स्कूलों के शिक्षकों को RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया है।