पेरिस में आज से सभी बार और कैफे बंद करने का आदेश; जापानी फैशन डिजाइनर केंजो तकाडा की मौत

Health /Sanitation International

(www.arya-tv.com)दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ 53 लाख 96 हजार 479 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 2 करोड़ 66 लाख 19 हजार 998 लोग ठीक भी हो चुके हैं। अभी 79 लाख 90 हजार 309 मरीजों का इलाज चल रहा है। मरने वालों का आंकड़ा 10.41 लाख के पार हो चुका है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार से सभी बार और कैफे बंद करने को कहा गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजधानी पेरिस में संक्रमण दर कम करना जरूरी है। ऐसा नहीं किया गया तो शहर को दोबारा लॉकडाउन करने की नौबत आ सकती है। फ्रांस में अब तक 6 लाख 19 हजार 190 मामले सामने आए हैं और 32 हजार 230 लोगों की जान गई है।

फ्रांस में रह रहे जापानी फैशन डिजाइनर केंजो तकाडा की रविवार को कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो गई। तकाडा अपने केंजो फैशन ब्रांड के लिए दुनिया भर में मशहूर थे। 81 साल के केंजों को संक्रमित होने के बाद पेरिस के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तकाडा 1965 में बोट से फ्रांस आए थे और फ्रांस में ही रह रहे थे।