रैपर Badshah की एल्बम टटीरी पर यूपी में भी विवाद, अपर्णा यादव ने सीएम योगी को पत्र लिखकर की ये मांग

# ## Fashion/ Entertainment National

हरियाणा के गायक बादशाह के एक विवादित गीत को लेकर उप्र. राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर राज्य में गायक के कार्यक्रमों को अनुमति न देने का अनुरोध किया है। भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बादशाह की एल्बम “टटीरी” में महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा और आपत्तिजनक दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं।

आरोप है कि गीत में स्कूल यूनिफॉर्म पहने छात्राओं को अनुचित तरीके से दिखाया गया है और विद्यालय जैसे पवित्र स्थान के लिए भी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। आयोग के अनुसार, यह न केवल महिलाओं की गरिमा बल्कि शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों का भी अपमान है।

महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने पत्र में लिखा है कि भारतीय संस्कृति में नारी को ‘नारायणी’ का स्थान दिया गया है। ऐसे में इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री प्रस्तुत करने वाले कलाकार के कार्यक्रम आयोजित होने से समाज में गलत संदेश जा सकता है और सांस्कृतिक मर्यादाओं को ठेस पहुंच सकती है।