(www.arya-tv.com) लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना चल रही है। वहीं उत्तर प्रदेश की हॉट सीट अमेठी में भाजपा को बड़ा झटका लगता नजर आ रहा है, क्योंकि केंद्रीय मंत्री और अमेठी से उम्मीदवार स्मृति ईरानी 30 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे चल रही हैं और कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा बहुत बड़ी लीड बनाए हुए हैं।
कांग्रेस ने इस बार अमेठी से राहुल गांधी का टिकट काटकर किशोरी लाल शर्मा पर भरोसा जताया था और वे पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतर रहे हैं। पूरे देश की नजरें इस सीट पर टिकी हैं। अमेठी में 5वें चरण में 20 मई को वोटिंग हुई थी और इस सीट को लेकर सियासत काफी गरमाई थी, ऐसे में आइए अब जानते हैं कि KL शर्मा कौन हैं, जो कांग्रेस को बड़ी जीत दिला रहे हैं।
गांधी परिवार के विश्वासपात्रों में से एक KL शर्मा
KL शर्मा पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भरोसेमंद लोगों में एक है। वहीं शर्मा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के भी काफी करीबी रहे हैं। वे गांधी परिवार के विश्वासपपात्रों में से एक हैं। सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद रही हैं। उन्हीं दिनों से वे सोनिया गांधी का भी साथ देते आ रहे हैं। वे सोनिया गांधी के सांसद प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। KL शर्मा काफी लंबे से अमेठी और रायबरेली दोनों क्षेत्रों में कांग्रेस का काम संभाल रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में ही कांग्रेस दोनों क्षेत्रों में पांव जमाए हुए है।
कब-कैसे बने कांग्रेस और गांधी परिवार का हिस्सा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, KL शर्मा पंजाब के लुधियाना जिले के रहने वाले हैं। 1983 की बात है, जब वे राजीव गांधी की नीतियों से प्रभावित होकर उनके संपर्क में आए। राजीव गांधी ही उन्हें अपना साथी बनाकर अमेठी लाए थे। उस दिन से वे अमेठी और कांग्रेस के होकर रह गए। 1991 में राजीव गांधी दुनिया छोड़कर चले गए तो KL शर्मा अमेठी और रायबरेली से कांग्रेस के सांसदों के लिए काम करने लगे। आज दोनों सीटों से जुड़े फैसले लेने में किशोरी लाल शर्मा से राय जरूर ली जाती है।