मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बताया कि प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 30 अप्रैल 2026 तक तथा दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों में माइक्रो प्लान तैयार करने, विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और अभियान से जुड़े कर्मियों का समय से प्रशिक्षण पूरा कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने साफ-सफाई, एंटी-लार्वा छिड़काव, जलभराव निस्तारण और शुद्ध पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई।
हीट वेव को लेकर अलर्ट, व्यापक प्रचार के निर्देश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि इस बार तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था और जरूरत के अनुसार शेल्टर होम स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
गेहूं खरीद की तैयारियां तेज करने के निर्देश
वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए एसपी गोयल ने कहा कि सभी क्रय केंद्र समय से क्रियाशील किए जाएं और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। खरीद प्रक्रिया 25 मार्च से 15 जून 2026 तक चलेगी।
रोजगार व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर जोर
मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों को पेंशन योजना का लाभ मिल सके।
