पिता ने साथ छोड़ा, तंगहाली में जीना पड़ा, फिर भी नहीं छोड़ा हंसाना, ऐसे मिला ‘लॉफ्टर क्वीन’ का खिताब

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) कहते हैं कि किसी को हंसाना दुनिया का सबसे मुश्किल काम होता है। ये हुनर बहुत कम ही लोगों में होता है। मुश्किल तब होती है, जब आपकी जिंदगी में कई परेशानियां हों और उसके बावजूद आप लोगों को हंसाने से पीछे न रहें। यही कला भारती सिंह में थी, जिसने उन्हें टीवी इंडस्ट्री में पहचान तो दिलाई। साथ ही ‘लाफ्टर क्वीन’ का खिताब भी दिलाया। जी हां, भारती सिंह जो आज 3 जुलाई, को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। उनका बचपन काफी संघर्ष से भरा रहा है। साल 18984 में पंजाब के अमृतसर में जन्मीं भारती ने कभी अपनी किस्मत के आगे घुटने नहीं टेके। उन्होंने हमेशा कोशिश की और अपने दम पर सफलता हासिल की। आज उन्हें इंडिया में नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान मिल चुकी है। इन सारी चीजों का क्रेडिट सिर्फ एक चीज को जाता है और वो है उनके हंसाने की ‘कला’। यही टैलेंट था, जिसने भारती को इस मुकाम तक पहुंचाया है।

नमक-रोटी खाकर किया गुजारा

भारती सिंह का आज जन्मदिन है तो इस मौके पर हम आपको बताते हैं कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कितनी मुश्किलों का सामना किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारती का स्ट्रगल उनके बचपन से ही शुरू हो चुका था। वो महज दो साल की थीं, जब उनके पिता इस दुनिया से चल बसे। ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी भारती की मां पर आ गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारती की मां ने बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए एक फैक्ट्री में काम करना शुरू कर दिया था। एक समय ऐसा भी आया जब भारती को नमक-रोटी खाकर गुजारा करना पड़ा था।

ऐसे मिला ‘लाफ्टर क्वीन’ का खिताब

अपनी जिंदगी में आई तमाम मुश्किलों के बावजूद भारती सिंह ने हार नहीं मानी। उनकी सबसे अच्छी बात ये रही कि मुश्किल दौर में भी उन्होंने हंसाने की कला नहीं छोड़ी। उनके इसी हुनर ने उन्हें ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के मंच तक पहुंचा दिया। इसके बाद भारती सिंह ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी कॉमेडी को लोगों ने काफी पसंद किया। आपको बता दें कि टीवी इंडस्ट्री में भारती सिंह उस दौर में उभर कर आईं जब मेल कॉमेडियन हुआ करते थे। यही वजह है कि जब भारती ने हंसाना शुरू किया तो उन्हें ‘लाफ्टर क्वीन’ का खिताब का खिताब दिया गया।

आज दौलत भी और शोहरत भी

भारी सिंह के पास आज शोहरत भी है और दौलत भी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ‘लाफ्टर क्वीन’ आज करीब 29 करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं। वो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’, ‘नच बलिए’, ‘खतरों के खिलाड़ी’, ‘झलक दिखलाजा’ और ‘खतरा खतरा खतरा’ जैसे कई रियलिटी शोज में काम कर चुकी हैं। इन दिनों वो अपने पति और राइटर हर्ष लिंबाचिया के साथ पॉडकास्ट को लेकर चर्चा में रहती हैं। बता दें कि दोनों ने साल 2017 में शादी की थी। अब उनका एक बेटा गोला है, जिसका जन्म 2022 में हुआ था।