अयोध्या के डीएम आवास बोर्ड का रंग फिर बदला, फजीहत के बाद DM ने PWD को लगाई फटकार

# ## UP

(www.arya-tv.com)अयोध्या के डीएम आवास का बोर्ड 24 घंटे में फिर से बदल कर दूसरे रंग का कर दिया गया है। पहले बोर्ड भगवा रंग का लगा था, जिसे बुधवार को बदलकर हरा कर दिया गया। इसके बाद हलचल मच गई थी। अयोध्या के साधु-संतों ने इस पर नाराजगी जताई। तरह-तरह की चर्चाएं होने के बाद डीएम ने PWD को फटकार लगाई, इसके बाद इसका रंग बदला गया है।
 दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
यह मामला जानकारी में आने के बाद डीएम नीतीश कुमार ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। इसके बाद विभाग ने बोर्ड का रंग बदल दिया। पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में डीएम अयोध्या का अस्थायी आवास है। प्रशासन के इस रुख पर अयोध्या के संतों ने खुशी जताई है। बोर्ड का रंग हरा होने पर हनुमानगढ़ी के पुजारी रमेश दास ने इसे भाजपा के खिलाफ साजिश बताकर चुनाव अयोग से डीएम अयोध्या और अन्य दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

लोग सत्ता में बदलाव की आहट से जोड़कर देख रहे
हालांकि, पर्यटन विभाग ने रामलला मंदिर, हनुमानगढ़ी आदि मंदिरों और मार्गों से जुड़े बोर्ड पहले से ही हरे रंग के लगाए हैं। अचानक DM आवास के बोर्ड का रंग हरा होने को लोग सत्ता में बदलाव की आहट से जोड़कर देख रहे थे। दरअसल, यूपी में योगी सरकार बनने के बाद DM आवास के बोर्ड का रंग भगवा किया गया था। हरे रंग का बोर्ड लगाने को लेकर सियासत में कई मायने निकाले जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह अयोध्या के अधिकारियों की बेचैनी का सबूत है। लोगों का तो यहां तक कहना है कि कई अधिकारी भी सियासत के मौसम वैज्ञानिक होते हैं।

 इस कार्रवाई को लेकर लोक निर्माण विभाग बता सकता है
फिलहाल यह बात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसके फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। उधर, डीएम नीतीश कुमार का कहना है कि इस कार्रवाई को लेकर लोक निर्माण विभाग बता सकता है। हमें इसके बारे में जानकारी नहीं है। बता दें कि प्रदेश सरकार के पसंदीदा डीएम रहे अनुज कुमार झा को चुनाव से ठीक पहले अयोध्या से हटा दिया गया था। उन पर भगवाधारियों के काफी करीबी होने के आरोप लग रहे थे।