मेरठ (www.arya-tv.com) इस बार क्रिसमस और नए साल पर मौसम के तेवर बेहद तल्ख होने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने 18 से 20 दिसंबर तक जनपद में शीतलहर की आशंका जताई है। वहीं, शुक्रवार की रात ही हाथ-पैर सुन्न कर देने वाली हवाएं चलने लगीं। 24 दिसंबर के बाद एनसीआर में बारिश की भी संभावना है। कोहरे और ठंड का प्रकोप साल के अंतिम दिनों में और बढ़ेगा। शनिवार की सुबह हाड़ कंपा देने वाली ठंड से सामना हुआ। कई स्थानों पर कोहरा भी देखा गया। बारिश के चलते ठंड और बढ़ जाएगी।
पश्चिम विक्षोभ विदा
शुक्रवार को दिन में धूप के बावजूद तेज ठंडी हवाओं से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। जनपद का न्यूनतम तापमान लगातार छठे दिन छह डिग्री से कम पर बना रहा। बीते दिनों कम तीव्रता का एक पश्चिम विक्षोभ विदा हुआ है। इस कारण उत्तर पश्चिम हवाओं पर लगी रोक हट गई है। इसी कारण छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं प्रवाहित होती रहीं।
यही कारण रहा कि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 20.3 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा। मुजफ्फरनगर में तो अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इन ठंडी हवाओं के प्रवाह से शनिवार को दिन और रात के तापमान में और गिरावट आएगी।
यह है शीतलहर
जब दिन और रात का तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री कम हो जाए तब शीतलहर की स्थितियां बनती हैं। सामान्य तापमान भी हर दिन बदलता है। मेरठ में 18 से 20 दिसंबर के बीच न्यूनतम तीन से चार और अधिकतम तापमान 19 डिग्री या उससे कम रहने की संभावना है।
दो माह की सबसे अच्छी बारिश
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हाड़ कंपाने वाली ठंड का आगमन एक अच्छी बारिश के बाद होता है। दिसंबर में अभी तक 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, नवंबर बारिश के लिहाज से सूखा रहा था। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम विज्ञानी डा. एन सुभाष ने बताया कि 22 दिसंबर को जो पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने वाला है उसकी तीव्रता अच्छी है।
जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में इससे अच्छी बर्फबारी देखने को मिलेगी। 24 दिसंबर तक इस विक्षोभ का असर मैदानों में देखने को मिलेगा। इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी बारिश देखने को मिलेगी। कई भागों में क्रिसमस के दिन भी बारिश हो सकती है। इसके बाद वातावरण में नमी रहने से कोहरे की आशंका बनेगी।
हाड़कंपा देने वाली ठंड
शामली : शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ठंड हाड़कंपा रही है। शनिवार सुबह हल्का कोहरा रहा, लेकिन धूप नहीं निकली है। क्योंकि आसमान में बादल भी हैं और कोहरा वातावरण में ऊपर की तरफ है। जगह-जगह लोग अलाव जलाकर हाथ ताप रहे हैं। गुरुवार से ठंड काफी बढ़ी हुई है। शुक्रवार को धूप तो निकली थी, लेकिन बर्फीली हवा भी चलती रही थी। शनिवार सुबह हल्का कोहरा रहा। दृश्यता थोड़ा कम होने से वाहन चालकों को दिक्कत भी रही।
शहर से लेकर गांव तक लोग अलाव तापते नजर आ रहे हैं। हीटर, ब्लोअर का प्रयोग भी काफी बढ़ गया है। ऐसे में इनकी बिक्री भी तेज हुई है। वहीं, नगर पालिका की ओर से रात में अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। सभासद निशी रानी, अनिल उपाध्याय ने शहर में अधिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग की है।
छह दिनों का जनपद का न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
17 दिसंबर – 5.8
16 – 5.0
15 – 5.8
14 – 5.4
13 – 4.8
12 – 5.6